
Jamshedpur: सांसद विद्युत वरण महतो ने लोकसभा में टाटा-बक्सर ट्रेन की जोरदार मांग करते हुए रेल मंत्री से कहा कि जनहित में यह अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसके अतिरिक्त सांसद ने 2022-2023 डिमांड फोर ग्रान्ट विषय पर बोलते हुए कहा कि मेरे संसदीय क्षेत्र के रेलवे से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण मांग, जिसकी बजट में घोषणा नहीं हुई है, रेल मंत्री के समक्ष रखता हूं. कुछ नई रेलवे लाईन का सर्वे वगैरह हुआ है. जैसे चांडिल पटमदा होकर झाड़ग्राम लगभग 130 किमी के आसपास है और लागत लगभग 18 सौ 44 करोड़ आंका गया है, लेकिन अभी तक उसको स्वीकृति नहीं मिली है.
वहीं चाकुलिया बहरागोड़ा बुड़ामारा रेल लाइन ओडिशा से मिलती है. इसकी स्वीकृति हो गई और ओडिशा में कार्य शुरू हो गया, लेकिन भूमि अधिग्रहण झारखण्ड सरकार द्वारा नहीं करने के कारण यह लंबित है. कांड्रा से लेकर नामकुम अति महत्वपूर्ण रेल लाईन लगभग 23 सौ 81 करोड़ रुपये स्वीकृत की गई है. इसका टेंडर होने वाला है, इसका जल्द से जल्द टेंडर किया जाए ताकि वहां के लोग ट्रेन की सुविधा से जुड़ें. ओडिशा के लिए महत्वपूर्ण टाटा से बादामपहाड़ को डबल लाईन क्योंझोर तक कर दिया जाए ताकि आमलोगों को आने जाने में यह महत्वपूर्ण रेल लाईन साबित हो. इससे टाटा नगर भुवनेश्वर से जुड़ जाएगा. उन्होंने कहा हमारे यहां एयरपोर्ट की कनेक्टिवीटी नहीं है, सिर्फ रेलवे की कनेक्टिविटी है.
खड़गपुर रेल मंडल के अन्तर्गत घाटशिला रेल स्टेशन को आदर्श रेलवे स्टेशन बनाया जाए. दक्षिण पूर्व रेलवे खड़गपुर अन्तर्गत झारखण्ड राज्य में कानिमहुली स्टेशन पर एक अंडर पास बना दिया जाए. खड़गपुर रेल मंडल के अन्तर्गत धालभूमगढ़ कोकपाड़ा के बीच बड़कोला में बहुत दिनों से एक हाॅल्ट के निर्माण की मांग हो रही है तथा खड़गपुर अन्तर्गत झारखण्ड राज्य में चाकुलिया कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन सुनसुनिया में एक अंडर ग्राउण्ड पास का निर्माण किया जाए. इसी तरह टाटानगर भागलपुर ट्रेन को पुनः चलाया जाए. टाटानगर जयनगर को भी पुनः चालू किया जाए. टाटा से जयपुर जो राजस्थान के लिए अति महत्वपूर्ण है, चलाया जाए.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर : बंगाल के अपराधियों ने गालूडीह की कंपनी में दिया था लूटकांड को अंजाम, पांच गिरफ्तार, ट्रक समेत सामान बरामद




