Ranchi

दहेज के लिए शराबी दूल्हे ने किया खूब हंगामा,दुल्हन का शादी से इनकार

Ranchi: रांची में दो शादियों में नशे में धुत दूल्हे की करतूत देखकर दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. पहला मामला नामकुम के मौलाना आजाद कॉलोनी का है, जहां गांजा पीकर शादी करने पहुंचे लड़के से लड़की ने शादी करने मना कर दिया.

वहीं दूसरी घटना रातू थाना क्षेत्र के नवाटोली सिमलिया गांव की है. जहां प्रिया नाम की लड़की ने नशे में हंगामा करने वाले लड़के से शादी करने से मना कर दिया. रातू थाना की पुलिस ने हंगामा करने वाले दूल्हे नितेश शर्मा को हिरासत में ले लिया, जिसे बाद में छोड़ दिया गया है. पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना बुलाया है.

इसे भी पढ़ेंःबिजली आपूर्ति बदतर होने के सबूत: चार सालों में औद्योगिक इकाइयों में प्रतिमाह 1.10 लाख लीटर डीजल की बढ़ी खपत

क्या है मामला

मिली जानकारी के अनुसार, रातू थाना क्षेत्र के नवाटोली सिमलिया गांव की रहने वाली प्रिया कुमारी की शादी मधुकम निवासी प्रवीण शर्मा के बेटे नीतेश शर्मा के साथ तय हुई थी.

तिलक में दो लाख नकद रुपये दिए गए थे. शुक्रवार को शादी के लिए रात 11 बजे बारात पहुंची. जयमाला के लिए दूल्हे को बुलाया जाने लगा तो लड़का पक्ष और दहेज की मांग करने लगे. वहीं, लड़का नशे की हालत में हंगामा करने लगा.

दहेज के लिए लड़की की हत्या करने की दी धमकी

लड़के पक्ष के द्वारा दहेज की मांग और लड़के के द्वारा नशे में हंगामा करने के दौरान बढ़ते विवाद को देखते हुए लड़की के परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी और शादी स्थल पर बुलाया लेकिन लड़के पक्ष वाले दहेज देने की मांग पर अड़े रहे.

इसे भी पढ़ेंःगिरफ्त से दूर शातिर मुजरिम, छोटे अपराधियों को गिरफ्तार कर अपनी पीठ थपथपा रही पुलिस

नशे की हालत में लड़का बार-बार कह रहा था कि अगर दहेज नहीं दिया गया तो शादी के एक सप्ताह के अंदर ही लड़की की हत्या कर देगा. जिसके बाद लड़की ने शादी से साफ-साफ इनकार कर दिया. वहीं पुलिस ने लड़के को हिरासत में ले लिया,जिसे बाद में छोड़ दिया गया.

क्या कहना है रातू पुलिस का

इस मामले में रातू थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि लड़की के परिजनों ने ही लड़के को पुलिस के हवाले कर दिया था. लड़का नशा में था.

लड़की के शादी से इनकार करने के बाद लड़की के परिजनों ने दहेज के साथ शादी में खर्च हुई रकम की मांग की है .इस मामले में दोनों पक्षों से बात करके बीच का रास्ता निकाला जाएगा. दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है, जहां विवाद का निपटारा हो सके.

इसे भी पढ़ेंःरांची को मिलेगा नया सचिवालय, 16 सौ करोड़ की लागत से कोर कैपिटल एरिया में होगा निर्माण

Related Articles

Back to top button