JharkhandLatehar

कुजरूम जंगल में मिला महिला का शव, हाथी के हमले में मौत की आशंका

Latehar: लातेहार जिले के बारेसाढ़ थाना क्षेत्र के कुजरूम जंगल में एक 55 वर्षीय महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका की पहचान रुद गांव निवासी सूरतमानिया देवी, पति स्वर्गीय नगदेव उरांव के रूप में हुई है. वन विभाग की पेट्रोलिंग टीम को जंगल में शव मिला, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी. शव की स्थिति से स्पष्ट हो रहा था कि वह कई दिनों पुराना हो सकता है. जानकारी के अनुसार, सूरतमानिया देवी जंगल के कुजरूम गांव की ओर जा रही थीं, जब जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया. पुलिस और वन विभाग की प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि मौत हाथी के हमले के कारण हुई हो सकती है, क्योंकि इस क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियां लगातार देखी जाती रही हैं.

बारेसाढ़ थाना प्रभारी अजीत कुमार और वन क्षेत्र पदाधिकारी तरुण कुमार सिंह को सूचना मिलने पर उन्होंने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की. परिजनों का कहना है कि सूरतमानिया देवी कई दिनों से घर से गायब थीं, और उनकी तलाश की जा रही थी. हालांकि, अब शव मिलने के बाद परिवार ने उसकी पहचान की है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके. इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है. वन विभाग ने क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.

Related Articles

Back to top button