
Ranchi: बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने शुक्रवार को राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए राज्य की पूरी विधि व्यवस्था को ध्वस्त बताया है. प्रेस रीलीज जारी कर उन्होंने कहा है कि ग्रामीण इलाकों में नक्सलियों का वर्चस्व फिर से स्थापित हो रहा है तो वहीं शहरी इलाकों में माफिया गिरोह तांडव मचा रहे हैं. नक्सलियों और आपराधिक गिरोहों के बीच में जनता पिस रही है और सरकार कुंभकरण की नींद में सोई है.
इसे भी पढ़ें: मॉनसून सत्र : विधि व्यवस्था के सवाल पर भाजपा विधायकों ने सदन के बाहर किया विरोध प्रदर्शन
जारी प्रेस रिलीज में उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के डाटा के अनुसार जनवरी 2020 से फरवरी 2023 तक यानि 38 महीनों में राज्य में 5225 बेटियों की इज्जत लूटी गई तो वहीं 5771 लोगों की हत्या कर दी गई. इस दौरान पूरे राज्य में 5007 अपहरण की भी घटनाएं हुई. अगर हत्या, रेप और अपहरण की घटनाओं को जोड़कर देखें तो प्रतिदिन ऐसी 14 वारदातें इस राज्य में हो रही हैं.
इसे भी पढ़ें: स्थानीय नीति और नियोजन नीति पर केवल राजनीति कर रही हेमंत सरकार: बाबूलाल मरांडी
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि इस शासनकाल में बेटियां जिंदा जलाई गई, बेटियां फांसी पर लटकाई गई, शहीद के वंशजों की हत्या हुई, नेताओं को टारगेट किया गया. लेकिन मुख्यमंत्री रस्म अदायगी के नाम पर सिर्फ बैठक करते रहे. कभी पुलिस कांस्टेबल को देखकर भागने वाले अपराधी अब पुलिस अधिकारियों पर गोलियां चला रहे हैं. निजी कंपनी के अधिकारी बुलेट प्रूफ वाहनों का प्रयोग कर रहे हैं. प्रतुल शाहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य के गृह मंत्री भी हैं. ऐसे में इस भयावह स्थिति के लिए जवाबदेही पूर्ण रूप से उनकी बनती है.




