JharkhandLead NewsRanchi

भाजपा ने इंडी गठबंधन पर लगाया झारखंड को बंगाल बनाने का आरोप, कांग्रेस ने कहा- बहाना छोड़कर हार का ढूंढ़ें कारण

Ranchi: प्रदेश भाजपा ने झामुमो-कांग्रेस-राजद पर झारखंड को पश्चिम बंगाल की राह पर ले जाने और लोकतंत्र को कलंकित करने का आरोप लगाया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को बरहेट दौरे के बाद कांग्रेस और झामुमो को निशाने पर लिया. राज्य में जीत के बाद लोकतंत्र को कलंकित करने का आरोप कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर लगाया.

इससे पहले उन्होंने बरहेट के भाजपा प्रत्याशी गामालियन हेंब्रम के समर्थन में वोट करने वाले ईमाम मिर्जा सहित अन्य से मुलाकात की. उनके घर पर हुए पथराव की जानकारी ली. मौके पर श्री मरांडी ने घटना की तीव्र भर्त्सना करते हुए कहा कि आज संविधान दिवस है. भारत का संविधान लोकतंत्र का सुरक्षा कवच है. लेकिन कांग्रेस और झामुमो सत्ता के अहंकार में लोकतंत्र के रखवालों पर हमला कर रहे हैं. इमाम मिर्जा के घर पर सिर्फ इसलिए पथराव किया गया क्योंकि उसने भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट किया. आंखों को बंद करने से खतरा नहीं जाएगा, अरे वो देखना पड़ेगा जो देखा नहीं जाएगा. कहा कि झारखंड लवजिहाद- लैंडजिहाद के बाद अब पत्थरबाजों की गिरफ्त में आ चुका है. हाल यह है कि पत्थर चलाए जा रहे हैं, लाठी मारी जा रही है, घर तोड़े जा रहे हैं, वोट देने के आधार पर जनता को पीटा जा रहा है. साहिबगंज में ईमाम मिर्जा को सिर्फ इसलिए पीटा गया, धमकाया गया क्योंकि उसने अपना विश्वास भारतीय जनता पार्टी पर जताया था. परिणाम आते ही जेएमएम पार्टी के गुंडे भाजपा समर्थित कार्यकर्ताओं और वोटरों को पीट रहे हैं, गांव से बेदखल करने की धमकी दे रहे हैं और कह रहे हैं कि उनके हाथ में मुख्यमंत्री से लेकर थाना प्रभारी सभी हैं, इसलिए उनके कुकृत्यों के लिए कोई उनका बाल भी बांका नहीं कर सकता है. आज मुख्यमंत्री के क्षेत्र में जनता को पूरा राशन नहीं मिल रहा ,पीने का पानी नहीं है. अबुआ आवास का पैसा नहीं मिल रहा. देश की जनता की जनता अपने संविधान प्रदत्त शक्तियों के कारण 5साल में अपना जन प्रतिनिधि चुनती है. मताधिकार का प्रयोग करती है लेकिन इंडी गठबंधन को जन सरोकार से कुछ भी लेना देना नहीं, ये केवल सत्ता की मलाई खाना चाहते हैं. भाजपा लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा केलिए संकल्पित है. उनके अलावा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र राय ने भी प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में झामुमो-कांग्रेस-राजद को निशाने पर लिया. कहा कि सत्ता के नशे में सभी चूर हो गये हैं. ये सब लोकतंत्र को कलंकित करने में लग गये हैं. जगह जगह उन्मादी तत्व भाजपा समर्थकों पर हमले किए जा रहे हैं. उन्होंने मुख्य सचिव, डीजीपी से आगे बढ़ने और स्थिति को नियंत्रित करने को कहा है.

सदमे में है भाजपा: कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि भाजपा के नेता अभी तक सदमे से बाहर नहीं आए हैं. जनता द्वारा नकारे जाने के बाद अपने हार के कारणों को ढूंढने की बजाय महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को उन्मादी बता रहे हैं. भाजपा के रविंद्र राय द्वारा महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को जामताड़ा बरहेट,पाकुड़, राजमहल बहरागोड़ा आदि क्षेत्रों में अभद्रता का दोषी ठहराये जाने पर कहा कि पूरे देश में उन्माद का वातावरण बनाने वाली भाजपा आरएसएस को हर व्यक्ति उन्मादी नजर आता है. हकीकत यह है कि भाजपा समाज में विषाक्त वातावरण बनाने के लिए माहौल और मौके की तलाश में रहती है.आला कमान के सामने अपने नेतृत्व में हुई हार का रुख मोड़ने के लिए बाबूलाल मरांडी बरहेट का दौरा कर रहे हैं और भाजपा की असफलता को दबाना चाहते हैं.उन्होंने कहा कि रविंद्र राय कहते हैं कि जहां अल्पसंख्यक समुदाय की संख्या अधिक होती है, वहां अत्याचार होते हैं. दूसरी ओर कहते हैं कि बरहेट में भाजपा की अल्पसंख्यक समर्थकों पर हमले हुए. ऐसी दोहरी बातें भाजपा के नेता ही कर सकते हैं जिनके सामने कोई मुद्दे ही नहीं बचे. पूरे चुनाव में झारखंड में धर्म का धंधा चलाने की कोशिश करने वाली भाजपा की दुकान जनता ने बंद कर दी है, लेकिन उन्हें यह नहीं दिख रहा है. भाजपा के घमंड का जवाब झारखंडियों ने दे दिया है. भाजपा नकारात्मक राजनीति को छोड़कर झारखंड के विकास के लिए सकारात्मक विचार रखते हुए कार्य करे. सांप्रदायिक राजनीति करने वाले लोग आज हम पर सांप्रदायिकता का आरोप लगा रहे हैं,जबकि भाजपा की पूरी राजनीति की धुरी का आधार यही है. इस मानसिकता के बिना भाजपा अपना एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा सकती. भाजपा नेताओं को सलाह है कि बदहवासी के आलम से बाहर निकलकर हकीकत का सामना करें.

महागठबंधन ने हमेशा से सामाजिक एकता को बनाए रखने में अपनी भूमिका अदा की है. इसी सोच के साथ हमने 5 वर्षों तक जनता की सेवा की, जिसका फलाफल हमें जनता ने दोबारा सत्ता मे लाकर दे दिया है. इस हकीकत से बचने की कोशिश भाजपा के नेता ना करें. आरोप प्रत्यारोप के दौर से निकलकर विकासवादी सोच को अपनाये.

Related Articles

Back to top button