
Ramgarh: अवैध कोयला लदे एक पिक अप वैन को कुजू पुलिस ने सोमवार सुबह जब्त किया है. वहीं वैन चालक सहित एक अन्य व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर हाजत में रखा है. उससे इस संबंध में पूछताछ की जा रही है. मामले के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कुजू ओपी प्रभारी विनय कुमार को गुप्त सूचना मिली कि मांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत बीस माइल से अवैध स्टीम कोयला लादकर एक सफेद रंग का पिक अप वैन कुजू की ओर जा रहा है.वैन में ब्लू रंग का तिरपाल बंधा है. इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ओपी प्रभारी विनय कुमार अपने अन्य सहयोगियों व पुलिस बल को साथ लेकर लोहा गेट डायवर्सन के पास नाका बंदी करते हुए आ रहे सफेद वैन को रूकने का इशारा किया. पुलिस को देख वैन चालक गाड़ी को लेकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा करते हुए पिक अप वैन संख्या जेएच 02 एल/4115 को जब्त किया.साथ हीं उसके चालक सोहैल अंसारी पिता खुशबुद्दीन अंसारी, चंदवा निवासी तथा वैन पर सवार एक अन्य जिब्राइल अंसारी पिता बहालुद्दीन अंसारी, गौराटांड, बरकट्टी, थाना कुजू (मांडू), जिला रामगढ़ निवासी को गिरफतार किया. जब्त उक्त वैन में लगभग तीन टन स्टीम कोयला लदा है. पुलिस द्वारा पूछे जाने पर गिरफ्तार दोनों ने बताया कि बीस माइल से धंधेबाज अजय के माध्यम से कोयले को लादकर रांची ले जाया जा रहा था. पुलिस दोनों गिरफ्तार लोगों को हाजत में रखकर पूछताछ कर रही है.




