
Ranchi: कुख्यात अपराधी बिट्टू मिश्रा को पिछले महीने रांची पुलिस ने जिला बदर किया. लेकिन रांची में पोस्टेड एक ऑफिसर का करीबी बिट्टू मिश्रा बेखौफ होकर शहर में घूम रहा है.
जिला बदर अपराधी बिट्टू मिश्रा के राजधानी में घूमने की बात सामने आ रही है. बता दें कि जहां दो दिन पहले बिट्टू मिश्रा को रांची रजिस्ट्री ऑफिस में देखा गया था, तो वही पिछले सप्ताह बिट्टू मिश्रा ने नगड़ी में एक जमीन पर कब्जा किया गया था.
इसे भी पढ़ेंःक्यों है सबकी नजर, पाकुड़ विधानसभा सीट पर…
छह महीने के लिए जिला बदर है बिट्टू मिश्रा
मिली जानकारी के अनुसार, अपराधी बिट्टू मिश्रा को पिछले महीने छह महीने के लिए जिला बदर कर दिया गया है. बिट्टू मिश्रा को इससे संबंधित नोटिस भी तामिल करायी गयी है.
इसके बावजूद वह रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचा और रजिस्ट्री डीड बनवायी और पिछले सप्ताह नगड़ी थाना क्षेत्र में अपने गुर्गों के साथ हथियार से लैस होकर पहुंचा और वहां की एक जमीन पर कब्जा भी किया.
इससे संबंधित शिकायत भी एसएसपी और नगड़ी थाना में की गई है. मशहूर उर्दू लेखक सैयद मोजिबुर रहमान उर्फ सोहैल अजीमावादी की नगड़ी स्थित जमीन को बेवजह विवादित बनाकर कब्जा करने की शिकायत की गई है.
रांची में पोस्टेड एक अफसर का करीबी
अपराधी बिट्टू मिश्रा राजधानी रांची में पोस्टेड एक पुलिस अफसर का करीबी है. इतना ही नहीं करीब दो महीने पहले बिट्टू मिश्रा अफसर के चेंबर में बैठता था और पुलिस अफसर की गाड़ी में घूमता था.
लेकिन मीडिया में खबर में आने के बाद उसका चेंबर में आना बंद हो गया. बिट्टू मिश्रा हत्या, रंगदारी और मारपीट जैसी कई घटनाओं में जेल जा चुका है.
बताया जाता है कि जेल से निकलने के बाद बिट्टू मिश्रा रांची के रातू सहित कई अन्य इलाकों में जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबार कर रहा है. बताया जाता है कि इस काम में बिट्टू मिश्रा को उस पुलिस अफसर का भरपूर सहयोग मिल रहा है.
इसे भी पढ़ेंःअनिल शर्मा के लिए काम करने वाला धनंजय प्रधान झारखंड, बंगाल और ओडिशा में वसूल रहा रंगदारी
मार्च में हुआ था रिहा
बिट्टू मिश्रा को पुलिस ने 31 दिसंबर 2018 को रंगदारी के मामले में जेल भेजा था. मार्च महीने में वो जेल से जमानत पर बाहर आया था. इसके बाद पुलिस ने अपराधी बिट्टू मिश्रा को विधि व्यवस्था को देखते हुए जिलाबदर करने की अनुशंसा की थी.
गैंगस्टर बिट्टू मिश्रा पर आर्म्स एक्ट और रंगदारी सहित कई मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं. वह कई बार जेल जा चुका है. हालांकि सभी मामलों में वह जमानत पर है.
जमीन का कारोबार कर रहा है बिट्टू मिश्रा
बिट्टू मिश्रा, आपराधिक मामले में जेल में बंद था. सरकार ने उसपर सीसीए लगाया था. सीसीए के समाप्त होने के बाद वह जेल से बाहर निकला.
जेल से बाहर निकलने के बाद वह जमीन के कारोबार से जुड़ गया है. इस काम में उसका आपराधिक इतिहास उसे फायदा पहुंचा रहा है. उल्लेखनीय है कि हाल में राजधानी में दबंगों के जमीन कारोबार में उतरने के बाद इस धंधे में कई हत्याएं हुईं है.
इसे भी पढ़ेंःवित्त मंत्रालय ने #BSNL-MTNL के 74 हजार करोड़ के रिवाइवल पैकेज पर रोक लगायी




