
Palamu : उग्रवादी संगठन जेजेएमपी (झारखंड जनमुक्ति परिषद) से जुड़े कुख्यात इंटर स्टेट अपराधी इंदल पासवान को बिहार से गिरफ्तार किया गया है. पलामू जिले की हुसैनाबाद पुलिस ने बिहार की टंडवा पुलिस के साथ कार्रवाई कर इंदल पासवान को मुंगिया नैकाडीह से गिरफ्तार किया. इंदल पासवान पर डेढ़ दर्जन मामले झारखंड और बिहार के थानों में दर्ज है. पुलिस लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी में जुटी थी.
हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूज्य प्रकाश को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी उग्रवादी इंदल पासवान बिहार में शरण लिए हुए हैं. औरंगाबाद जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के मुंगिया गांव में रह रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद आवश्यक कार्रवाई हेतु छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी टीम में टंडवा थाना पुलिस को भी शामिल किया गया.
इसे भी पढ़ें : रास्ता रोकने पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- हवा, पानी रोककर मौलिक अधिकार का नहीं किया जा सकता हनन
टंडवा थाना पुलिस एवं एसएसबी-29 काला पहाड़ की संयुक्त छापामारी में इंदल पासवान को मुंगिया नैकाडीह इलाके से गिरफ्तार किया गया. इंदल पासवान जेजेएमपी उग्रवादी संगठन से जुड़ा हुआ था. उसके खिलाफ झारखंड और बिहार के थानों में 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं. सबसे अधिक 14 मामले हुसैनाबाद थाना में दर्ज है. एक मामला बिहार के नवीनगर और एक छतरपुर थाना में दर्ज है. इंदल पासवान हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के सुकनाडेरा-झरगड़ा का रहने वाला है.
छापामारी टीम में बिहार के टंडवा थाना और हुसैनाबाद थाना से पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार यादव, रतन शर्मा, सहायक अवर निरीक्षक अशोक महतो, हवलदार राज मोहन राम के अलावा एसएसबी-29 काला पहाड़ के पुलिस निरीक्षक लोकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन सिंह भाटी, सहायक अवर निरीक्षक मुन्ना सिंह एवं सशस्त्र बल शामिल थे.
इसे भी पढ़ें : ऑर्गेन डोनेशन में झारखंड के लोग फिसड्डी, दो सालों में महज तीन ने ही किया देह दान




