
Patna: बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी है. टिकट नहीं मिलने पर कई नेता पाला भी बदल रहे हैं. इसी कड़ी में बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष रहीं बेबी कुमारी ने लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है. बता दें कि मुजफ्फरपुर के बोचंहा से विधायक औऱ बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष बेबी कुमारी को भाजपा की ओर से टिकट नहीं मिला, तो उन्होंने बीजेपी के खिलाफ तो खुलकर कुछ नहीं कहा, लेकिन भाजपा की सहयोगी वीआइपी पर जमकर बरसी और लोजपा के टिकट पर बोचंहा से चुनाव लड़ने का ऐलान किया.
इधर शुक्रवार को लोजपा ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है. जिसमें 53 कैंडिडेट के नाम शामिल है. चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने शुक्रवार को 53 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की.
इसे भी पढ़ेंः यूपीः पीलीभीत में पिकअप वैन और बस में टक्कर, सात लोगों की मौत-32 जख्मी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रो पड़ी बेबी कुमारी
चुनाव को लेकर नेताओं के अलग-अलग रंग सामने आ रहे हैं. कहीं कोई नेता हमलावर है, तो कोई इमोशनल कार्ड प्ले कर रहा है. वहीं बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के बाद फिर बेबी कुमारी लोजपा में वापस आ गयी है. दरअसल, 2015 के चुनाव में लोजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया था, जिसके बाद बीजेपी की टिकट से चुनाव लड़कर जीत दर्ज की. अब बीजेपी से टिकट नहीं मिला तो फिर से एलजेपी में वापसी की है.
टिकट नहीं मिलने पर बीजेपी पर सीधा हमला करने से बच रही बेबी कुमारी ने भगवा पार्टी की सहयोगी वीआइपी पर जमकर निशाना साधा और पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी पर टिकट बेचने का आरोप लगाया. वहीं मीडिया से बात करते हुए बुरी तरह से रोने लगी. अब वो लोजपा के टिकट पर बोचहां से विधानसभा चुनाव लड़ेंगी. लोजपा सांसद वीणा कुमारी की मौजूदगी में उन्होंने इसकी घोषणा की है.
इसे भी पढ़ेंः जीएसटी क्षतिपूर्ति के लिए करोड़ों का कर्ज लेने के केंद्र के सुझाव को हेमंत ने किया खारिज
लोजपा की दूसरी सूची में 53 कैंडिडेट के नाम
लोजपा ने दूसरी सूची में जिन प्रमुख नेताओं को टिकट दिया है, उनमें मधुबनी से अरविंद कुमार, साहेबगंज से कृष्ण कुमार सिंह, वैशाली से अजय कुमार कुशवाहा, खगड़िया से रेणु कुमारी और राजगीर (सु.) से मंजू देवी शामिल हैं .
भागलपुर से लोजपा ने राजेश वर्मा को टिकट दिया है और इस सीट से भाजपा ने रोहित पांडे को अपना उम्मीदवार बनाया है .लोजपा ने अलौली से रामचंद्र सदा को टिकट दिया है . लोजपा ने तेजस्वी यादव के खिलाफ राघोपुर से राकेश रौशन को टिकट दिया है .
चिराग पासवान ने अपने ट्वीट में लोजपा के सभी प्रत्याशियों को बधाई दी और कहा ‘बिहार के आने वाले भविष्य लिए आप सभी का जीतना ज़रूरी है.’ उन्होंने कहा, ‘ जदयू को वोट देने का मतलब बिहार को पीछे धकेलना है .लोजपा ना सिर्फ़ चुनाव लड़ रही है बल्कि जीत के आएगी और #बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट लागू करेगी.’
चिराग ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘ ज़ुल्म करो मत, ज़ुल्म सहो मत . जीना है तो मरना सीखो, हर कदम पर लड़ना सिखों.’
गौरतलब है कि चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी बिहार चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ रही है. चिराग पासवान ने कहा है कि उन्हें नीतीश कुमार का नेतृत्व स्वीकार नहीं है हालांकि भाजपा के प्रति उनके रूख में नरमी है. बिहार में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं जिसमें पहले चरण के लिये 28 अक्टूबर को मतदान होगा जबकि दूसरे चरण के लिये 3 नवंबर और तीसरे चरण के लिये सात नवंबर को मतदान होगा .
इसे भी पढ़ेंः लिंगानुपात में पिछड़ा पलामू, 1000 पर 929 लड़कियां




