
Ranchi: दुर्गा पूजा के दौरान राज्य के अलग अलग हिस्सों में लॉ एंड ऑर्डर के सवाल पर भाजपा ने राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया है. संतालपरगना के मधुपुर (देवघर) से लेकर पलामू डिवीजन तक, पूजा और उसके बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई हिंसक झड़पों की शिकायत भाजपा ने की है. गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को मधुपुर बंद का आह्वान किया है. इसके समर्थन में भाजपा नेता गंगा नारायण सिंह मधुपुर के स्थानीय लोगों और व्यापारी वर्ग के लोगों के साथ बंद कराने में लगे हैं. निशिकांत ने एक्स पर पोस्ट करते कहा है कि दुर्गा विसर्जन के विरोध के कारण मुस्लिम समुदाय ने प्रदीप मोदीजी के घर व परिवार को जलाने की कोशिश की तथा प्रसाशन हाथ पर हाथ धरे रखा, सोमवार को मधुपुर बंद रहेगा.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेनजी, मधुपुर में दुर्गा विसर्जन के नाम पर मुस्लिम समुदाय प्रदीप मोदी जी का मकान जलाने की तैयारी कर रहा है, हिंदुओं के पूजा में यह अन्याय असहनीय है.

क्या है मामला
देवघर के मधुपुर शहर के एसआर डालमिया रोड स्थित चांद मेरी मोहल्ले में माता दुर्गा की मूर्ति के विसर्जन के दौरान दो गुटों में झड़प हो गई. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पहले गुट पुलपार दुर्गा पूजा समिति की ओऱ से आरती का आयोजन किया गया था. इसके बाद मूर्ति को विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था. इस दौरान कुछ लोगों की ओर से रोका गया. दूसरे गुट का आरोप है कि विसर्जन के दौरान पटाखे जलाकर उनके परिसर में जानबूझकर फेंके गए. इसी बात पर दोनों गुटों में हंगामा और विवाद हो गया. इसके बाद सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे ने मधुपुर शहर बंद करने का आह्नान किया है. निशिकांत दुबे और बीजेपी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने देर रात्रि अपने ‘X’ हैंडल से यह जानकारी दी कि दुर्गा विसर्जन के विरोध के कारण मुस्लिम समुदाय ने प्रदीप मोदी के घर और परिवार को जलाने की कोशिश की और प्रशासन हाथ पर हाथ धरे रखा, ऐसे में मधुपुर बंद रहेगा.
इसके अलावा गढ़वा में भंडरिया थाना क्षेत्र के मदगडी में दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन की दो अलग अलग घटनाओं में हिंदु और मुस्लिम पक्ष के लोगों में झड़प हो गयी. दो स्थानों पर बवाल हो गया और इसे रोकने में दो डीएसपी भी घायल हो गये. उपद्रवियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. आंसू गैस के गोले भी छोड़े गये. मामले को संभालने को डीसी शेखर जमुआर और एसपी दीपक कुमार को उतरना पड़ा और उनकी निगरानी में विसर्जन जुलूस को आगे बढ़ाया गया.
भाजपा का सवाल
पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने एक्स पर भी कहा है कि वोटबैंक की राजनीति के कारण एक विशेष धर्म को बढ़ावा देकर सांप्रदायिक माहौल राज्य में बनाया जा रहा है. नेता प्रतिपक्ष
अमर बाउरी के अनुसार, हेमंत सरकार के संरक्षण में अपराधी मस्त हैं, झारखंडी त्रस्त हैं. लचर हो चुकी प्रदेश की कानून-व्यवस्था में अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं.
झारखंड का हिन्दू समाज अपने ही राज्य में न सुरक्षित है और ना अपने त्योहारों को भव्यता से मनाने के लिए स्वतंत्र है. रविवार की देर रात सूचना मिली कि गढ़वा में एक गांव में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने माँ दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन 5-6 घंटे रोक के रखा. गणपति विसर्जन, राम नवमी, मोहर्रम जैसे अन्य मौके पर पहले ही झारखंड के विभिन्न हिस्सों में हिंदुओं पर अत्याचार की खबरें आई थी और अब दुर्गा पूजा. इतना मन बढ़ना ठीक नहीं. खैर, हेमंत है तो हिम्मत है. श्री बाउरी ने “मां दुर्गा” से हेमंत को सद्बुद्धि प्रदान करने का अनुरोध भी किया है.
सांसद दीपक प्रकाश ने एक्स पर कहा है कि हेमंत सरकार अपनी विदाई नजदीक आता देखकर तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति में पागल हो चुकी है. दुर्गा पूजा जैसे पवित्र अवसर पर पहले गढ़वा और अब मधुपुर में हिंदू समाज के ऊपर धर्म विशेष के द्वारा हमले हो रहे हैं. इससे साफ प्रतीत होता है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सिर्फ एक समुदाय के वोटबैंक के चक्कर में बौखला गए हैं, लेकिन ये कितना भी हाथ पैर मार लें, इनकी विदाई तय है.




