
Ranchi: हिंदी विद्यापीठ,देवघर से प्राप्त डिग्री के आधार पर कार्यरत पदाधिकारियों व कर्मचारियों को नये सिरे से चिह्नित किया जायेगा. कार्मिक सचिव वंदना दादेल ने ऐसे अधिकारियों व कर्मियों को चिह्नित कर उनकी नियुक्ति-प्रोन्नति को रद करते हुए विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश सभी विभागों को दिया है. राज्य सरकार को कई माध्यमों से जानकारी मिली है कि अब भी हिंदी विद्यापीठ देवघर की डिग्री लेकर नौकरी पाये अधिकारी व कर्मचारी विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं. जबकि तत्कालीन राज्य सरकार ने हिंदी विद्यापीठ,देवघर द्वारा दिए किसी भी डिग्री,प्रमाण पत्र को 29.06.2014 की तिथि से किसी भी नियुक्ति,प्रोन्नति के लिए मान्यता नहीं दिए जाने का निर्णय लिया है.
इसे भी पढ़ेंःप्रवर्तन निदेशालय ने दो डीटीओ के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला किया दर्ज
कार्मिक विभाग ने भी इस मामले में स्पष्ट आदेशदिया है कि किसी भी सरकारी नियुक्ति अथवा प्रोन्नति के लिए हिंदी विद्यापीठ,देवघर के द्वारा दिए गये शैक्षणिक प्रमाण पत्र की मान्यता नहीं है,चाहे उक्त पत्र 26.6.2014 के पूर्व ही क्यों नहीं निर्गत की गयी हो. बता दें कि विधायक दीपक बिरूआ ने भी झारखंड विधानसभा में अल्पसूचित प्रश्न के जरिये यह मामला उठाया था और राज्य सरकार से नियम के विरूद्ध नियुक्ति एवं प्रोन्नति को रद करते हुए ऐसे संलिप्त पदाधिकारी व कर्मचारी पर कार्रवाई की मांग की थी, इसी के बाद कार्मिक विभाग ने ऐसे सभी कर्मियों को चिंहित्त करते हुए कार्रवाई का निर्देश सभी विभागों के सचिव,प्रमंडलीय आयुक्त व उपायुक्त को दिया है.




