JamshedpurJharkhand

चक्रवाती तूफान गुलाब को लेकर जिले में अलर्ट जारी

गुलाब चक्रवात का शहर पर दिखा प्रभाव, हुई जोरदार बारिश

Jamshedpur : चक्रवाती तूफान गुलाब को लेकर पूर्वी सिंहभूम में जिला प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी कर दिया है. मामले की जानकारी देते हुए एडीएम नंदकिशोर लाल ने बताया कि मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने के चलते जिले में आंधी-तूफान आने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. इसे देखते हुए जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है. एडीएम ने बताया कि निकायों को तटीय और निचले इलाकों में एनाउंसमेंट करने को कहा गया है. साथ ही लगातार तटीय इलाकों में निगरानी करने का आदेश दिया गया है. वहीं सभी निकायों को जलजमाव व बाढ़ को देखते हुए राहत शिविरों को तैयार रखने को कहा गया है.
9 मिली मीटर बारिश ने शहर को दी गर्मी से निजात
गुलाब चक्रवात का बुधवार को जमशेदपुर में व्यापक असर देखने को मिला. चक्रवात के प्रभाव के कारण बुधवार दोपहर शहर मे मूसलाधार बारिश हुई. कुल 9 मिली मीटर बारिश से शहर को तापमान से भारी निजात मिली. शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 27.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
आज रात से कल रात तक होगी मूसलाधार बारिश
मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार 29 सितंबर की रात से लेकर 30 सितंबर की रात तक गुलाब चक्रवात का सर्वाधिक प्रभाव देखने को मिलेगा. इस दौरान भारी से अति भारी बारिश होने के आसार हैं. जिसके कारण निचले व तटीय इलाकों में जलजमाव व बाढ़ का प्रकोप देखने को मिल सकता है.

इसे भी पढ़ें: EXCLUSIVE : एसआरटी की निगरानी में कंपनी के मजदूरों ने उखाड़ दिये तीन विशाल पेड़, लेकिन जुस्को को पता ही नहीं

Related Articles

Back to top button