
Bahragoda : सड़क दुर्घटना में घायल बहरागोड़ा प्रखंड की भूतिया पंचायत के गोहालमारा गांव निवासी चंपाई हांसदा की रविवार को मौत हो गयी. 25 वर्षीय चंपाई की बाइक की बीते 23 दिसंबर को बहरागोड़ा स्थित संतोष होटल के समीप एनएच-18 पर एक चारपहिया वाहन के साथ सीधी टक्कर हो गयी थी. इस घटना में चंपाई हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गया था. स्थानीय लोगों की मदद से उसे बहरागोड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया था. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बाहर ले जाने की सलाह दी थी. परिजनों ने बेहतर उपचार के लिए उसे ओडिसा के कटक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, इलाज के क्रम में रविवार को उसका देहांत हो गया, चंपाई का परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है, वह परिवार का एकमात्र कमाई करने वाला सदस्य था. देहांत होने के बाद शव को घर लाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, तो परिवार वालों ने विधायक समीर महंती से संपर्क किया. विधायक ने चंपाई के परिवार को आर्थिक सहायता दी और शव लाने में मदद की. सोमवार सुबह शव पहुंचने के बाद विधायक समीर महंती ने गोहालमारा गांव पहुंचकर शव का अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी तथा उसके पिता को ढांढस बंधाया. मौके पर विधायक के साथ झामुमो प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा,प्रखंड उपाध्यक्ष लंबोदर कुंवर, बिद्युत सरदार, राहुल गिरि समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – झारभूमि सर्वर देर शाम चालू हुआ, मंगलवार से होंगे जमीन संबंधित काम




