
Ranchi: लोहरदगा जिले के कुड़ू सीओ प्रवीण कुमार सिंह को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी एनामुल अंसारी को कुडू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बीते बुधवार को आरोपी को पुलिस ने ब्लॉक चौक से गिरफ्तार किया. मामले को लेकर कुडू सीओ ने 12 मई को कुडू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया था. बता दें कि कुड़ू अंचल कार्यालय परिसर से सटे क्षेत्र में फलों का बगान की सुरक्षा को लेकर अंचल अधिकारी ने चौकीदार और होमगार्ड के जवानों को प्रतिनियुक्त की है. आरोपी चार-पांच लोगों के साथ मिलकर लीची तोड़ना शुरू कर दिया. होमगार्ड के जवान ने मना किया तो चार लड़के तो भाग गए पर एक लड़का एनामुल अंसारी वहीं डटा रहा. जिसके बाद होमगार्ड के जवान ने युवक को पकड़कर सीओ के पास पहुंचाया. सीओ ने युवक को समझा कर वापस भेज दिया. इसके बाद युवक वापस फिर बागान में आकर लीची तोड़ने लगा. इस बात पर होमगार्ड के जवान ने उसे टोका तो युवक ने देसी कट्टा निकालकर होमगार्ड के जवान पर तान दिया. इसके बाद होमगार्ड जवान भागकर सीओ के पास पहुंचा. पीछे-पीछे वह युवक एनामुल अंसारी भी सीओ के कार्यालय में पहुंच गया था. जहां उसने सीओ को भी जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद सीओ ने मामले को लेकर कुड़ू थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
इसे भी पढ़ें: खादगढ़ा बस स्टैंड में खड़ी चार बसों में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी




