ChaibasaJharkhandJharkhand PoliticsJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsMain SliderNationalNEWSRanchiTOP SLIDERTop Story

मिशन 2024: “गीता” के क्षेत्र में महागठबंधन में शुरू हुआ महाभारत, झामुमो के रुख से कांग्रेस हलकान

Gyan Ranjan

Ranchi: 2024 में होनेवाले लोकसभा चुनाव में भाजपा के विजय रथ को रोकने के लिए विपक्ष की ओर से राष्ट्रव्यापी गठबंधन बनाने पर बात शुरू हो गयी है. पटना में इसे लेकर एक बैठक बीते 23 जून को संपन्न हो चुकी है. इस बैठक में कांग्रेस,जेएमएम, टीएमसी, आप, वाम दल,राजद व जदयू समेत देश के 15 राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने भाग लिया था और भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर चुनाव लड़ने का एलान किया. यह भी तय हुआ कि अगली बैठक बहुत जल्द शिमला में होगी. झारखण्ड से भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस बैठक में भाग लिया था. उनकी भी सहमति विपक्षी गठबंधन पर थी. अभी इस बैठक को खत्म हुए एक सप्ताह भी नहीं बीता है कि झारखण्ड में महागठबंधन में खटराग शुरू हो गया है. कांग्रेस सांसद गीता कोड़ा के लोकसभा क्षेत्र सिंहभूम में महागठबंधन में महाभारत शुरू हो गया है. झामुमो विधायकों ने गीता कोड़ा के खिलाफ मोर्चा खोला है. झामुमो के इस रुख से कांग्रेस पार्टी हलकान है.
इसे भी पढ़ें: विधायक समरीलाल की पत्नी का मामलाः अनुसूचित जाति आयोग ने रांची DC से कहा- 15 दिनों में कांके थाना प्रभारी पर करें FIR नहीं तो हों पेश

सिंहभूम लोकसभा सीट पर झामुमो ने ठोकी दावेदारी

झामुमो ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए सिंहभूम लोकसभा सीट पर अपनी दावेदारी ठोक दी है. झामुमो ने पार्टी की पश्चिमी सिंहभूम जिला समिति की बैठक में ऐलान किया है कि 2024 में हर हाल में सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से झामुमो ही चुनाव लड़ेगा. दरअसल, पिछले दिनों झामुमो की पश्चिमी सिंहभूम जिला समिति की बैठक में जिलाध्यक्ष सह विधायक सुखराम उरांव की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यह निर्णय लिया गया कि 2024 में हर हाल में सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से झामुमो ही चुनाव लड़ेगा. इसके साथ ही इस बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं से अभी से ही चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया गया. बैठक में विधायक दीपक बिरुवा, विधायक निरल पुरती, झारखंड आंदोलनकारी चिन्हितीकरण आयोग के सदस्य भुवनेश्वर महतो, जिला सचिव सोनाराम देवगम समेत जिला समिति के सभी पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, केंद्रीय सदस्य और जिले के सभी प्रखंड और नगर अध्यक्ष और सचिव मौजूद थे.

2019 में गठबंधन के तहत कांग्रेस को मिली थी सीट

दरअसल पिछले लोकसभा चुनाव में गठबंधन के तहत कांग्रेस को यह सीट मिली थी. मोदी लहर के बाद भी गीता कोड़ा ने भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ को भारी मतों से हराया था. सरायकेला विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर अन्य सभी पांचो विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी थी. लेकिन जब छह महीने बाद विधानसभा का चुनाव हुआ तो इस लोकसभा क्षेत्र में आनेवाले छह विधानसभा क्षेत्रों में से सिर्फ एक विधानसभा जगरनाथपुर ही गठबंधन के तहत कांग्रेस के कोटे में आई. सभी सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशियों की जीत हुई और भाजपा का यहाँ खाता भी नहीं खुला. झामुमो को पांच सीट पर जीत मिली थी और एक सीट कांग्रेस ने जीती थी. इसके बाद से ही झामुमो की चाईबासा जिला इकाई सांसद गीता कोड़ा के खिलाफ मुखर है. अब देखना है कि 4 जुलाई को रांची में होनेवाली झामुमो केंद्रीय समिति की बैठक में पार्टी की चाईबासा जिला इकाई इस मामले पर क्या गुल खिलाती है.

कौन लडेगा कौन नहीं फैसला आलाकमान लेंगे : गीता कोड़ा

ऐसा नहीं है कि सांसद गीता कोड़ा इस बात से अनभिज्ञ हैं कि झामुमो के स्थानीय नेता और विधायक उनके खिलाफ मोर्चाबंदी कर रहे हैं. न्यूज़ विंग से बात करते हुए सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि ” महागठबंधन के तहत पिछले चुनाव में यह लोकसभा सीट कांग्रेस को मिली थी. इसके बाद विधानसभा का चुनाव हुआ उस समय कांग्रेस पार्टी ने गठबंधन धर्म का पालन करते हुए इस लोकसभा की छह सीटों में से पांच सीट झामुमो को दी. हमने उस समय कोई विरोध नहीं किया. अब जब राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ महागठबंधन की तैयारी की जा रही है तो झामुमो के स्थानीय नेता अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं “.

गीता कोड़ा ने कहा कि सिंहभूम लोकसभा सीट से कौन चुनाव लडेगा, कौन नहीं इसपर फैसला झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी करेंगे. अभी से जनता को झामुमो दिग्भर्मित नहीं करे. उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें गठबंधन धर्म के अनुकुल नहीं है. उन्होंने कहा कि झारखंड में जेएमएम, कांग्रेस और राजद की महागठबंधन की सरकार चल रही है. राज्य में बहुत ही अच्छे ढंग से सरकार काम कर रही है. ऐसे में स्थानीय स्तर पर जेएमएम के द्वारा सिंहभूम लोकसभा सीट को लेकर दावेदारी करना और हक जताना उचित प्रतीत नहीं होता. स्थानीय स्तर पर लोकसभा टिकट को लेकर बात करना हास्यप्रद है.

Related Articles

Back to top button