JharkhandLead NewsRanchi

‘भोजपुरिया होली’ में सरोबार हुई विधानसभा

क्या सीएम, क्या मंत्री-विधायक, होली गीतों पर खूब हुई मस्ती

Gyan Ranjan

Ranchi : झारखंड में भले ही भाषाई विवाद पर पिछले कई महीने से झारखंड में राजनीति गरम है, लेकिन होली ऐसा पर्व है जहां विवाद भूलकर सारे लोग एक हो जाते हैं. ऐसा ही नजारा मंगलवार को विधानसभा परिसर में देखने को मिला. माननीयों ने विधानसभा में जमकर “भोजपुरिया होली” खेली. विधानसभा परिसर में भोजपुरी फगुआ गीतों पर तमाम विधायक झूमे. विधायकों ने खूब गाया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी किसी से पीछे नहीं रहे और अपने विधायकों का जमकर साथ दिया. पालथी मारकर हाथ में झाल और मंजीरा लेकर मुख्यमंत्री भी होली के रंग के रंग गए. रंग बरसे भींगे चुनरवाली गीत पर जब मुख्यमंत्री ने तान छेड़ी तो पक्ष विपक्ष को दरकिनार कर सभी ने उनका साथ दिया. रंग और गुलाल तो ऐसे उड़े कि पूछिये ही मत.  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्पीकर रवींद्र नाथ महतो, मंत्री मिथिलेश ठाकुर, सत्यानंद भोक्ता, मुख्यमंत्री के भाई और विधायक बसंत सोरेन, अनूप सिंह, प्रदीप यादव, बिरंची नारायण, राज सिंह सभी होली गीतों पर जमकर नाचे. महिला विधायक भी साथ देने में पीछे नहीं रहीं. चाहे नीरा यादव हों, पुष्पा देवी या फिर अम्बा प्रसाद, सभी पूरी तरह से रंग गुलाल में तर-बतर दिखीं. विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होते ही सभी विधायक एक एक कर होली मिलन स्थला पर पहुंचे. सबसे पहले कमान सम्हाली मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने. उन्होंने सभी विधायकों को रंग लगाना शुरू कर दिया. नीरा यादव और पुष्पा देवी भी कहां पीछे रहनेवाली थीं. उठाया रंग से भरा थाल और लगी सभी को रंगने. इस बीच विधायक राज सिन्हा, बिरंची नारायण और मनीष जयसवाल ने गायन मंडली से माइक लिया और फगुआ गाना शुरू कर दिया.कुछ ही देर में मुख्यमंत्री से अपने सहयोगी मंत्रियों और स्पीकर के साथ होली मिलन स्थल पर पहुंच गए. सबसे पहले तो विधायकों ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों को रंगों से सरोबार कर दिया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समस्त झारखंड वासियों को होली की शुभकामनाएं दी.

इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर : बाजार पर चढ़ा होली का रंग, 20 फीसदी बढ़े दाम, बाहुबली पिचकारी की है सबसे अधिक डिमांड

Related Articles

Back to top button