
Jamshedpur : उलीडीह थाना क्षेत्र के दलमा एनक्लेव स्थित चंद्रावती नगर के रहने वाले ठेकेदार देवेंद्र कुमार झा से 5 लाख की रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं देने पर गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. इससे ठेकेदार का पूरा परिवार डरा-सहमा हुआ है. इस मामले की शिकायत देवेंद्र कुमार झा ने उलीडीह थाने में की है. आरोपियों में आशीष उर्फ भूरी और उसके दो साथी शामिल हैं. देवेन्द्र झा का उलीडीह रिपीट कॉलोनी स्थित सिद्धू कान्हू स्कूल के पास कार्यालय है. वहां उनके कर्मचारी काम करते हैं. उनके मुताबिक रविवार को शाम के करीब साढ़े सात बजे तीन लोग उनके कार्यालय आए. उन्होंने गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों से मारपीट की. साथ ही, बतौर रंगदारी 5 लाख रुपये की मांग की. उनका कहना था कि 20 सितंबर तक उन्हें रुपये मिल जानी चाहिए, नहीं तो ठेकेदार गोली मार दी जाएगी. उसके बाद देवेन्द्र झा ने जब कार्यालय पहुंचे तो उन्हें मामले की जानकारी हुई. उन्हें पता चला कि धमकी देनेवाला अपना नाम भूरी बता रहा था. देवेन्द्र झा ने इसकी सूचना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को दी. हालांकि तब तक अपराधी मौके से फरार हो चुके थे. मामले की जांच में जुटी पुलिस को अपराधियों की तलाश है.
इसे भी पढ़ें-हजारीबाग : 58 लाख की हेराफेरी के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार




