Chaibasa

सोनुआ के नुवागांव में असामाजिक तत्वों के ग्रामदेवी की प्रतिमा को खंडित किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश

Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के नुवागांव में असामाजिक तत्वों ने शनिवार रात ग्रामदेवी की प्रतिमा को खंडित कर दिया. इसे लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. ग्रामीणों ने दोषी व्यक्ति पर कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना प्रभारी सोहनलाल दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच की. घटना की जानकारी पर पूर्व विधायक गुरुचरण नायक भी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया. बता दें कि नुवागांव में गांव की सुख समृद्धि और रक्षा के लिए ग्रामदेवी की प्रतिमा स्थापित की गई है.

भाजपा नेता सह पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. लोगों का भी कहना है कि नवरात्र के शुरू होने के ठीक पूर्व मां ग्राम देवी की प्रतिमा को खंडित करना एक साजिश के तहत हुई है. पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. वहीं ग्रामीणों ने भी सोनुआ थाना प्रभारी को एक मांग पत्र सौंप कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है. मांग पत्र देने वाली महिलाओं में रीना कालिंदी सहित दर्जनों महिला शामिल हैं. ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुलिस जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार नहीं करती है तो इसे लेकर आंदोलन किया जाएगा.

Related Articles

Back to top button