Crime NewsJharkhandNEWSPalamu

पलामू : डालटनगंज में दर्जी पर फायरिंग, अस्पताल में भर्ती

Palamu : मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के कनीराम चौक के समीप बुधवार की देर रात एक टेलर दुकानदार को अपराधियों ने गोली मार दी. इलाज के लिए उन्हें मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया, यहां से प्रारंभिक इलाज के बाद रेफर किए जाने पर दुकानदार को पहाड़ी मोहल्ला स्थित डॉ राहत निजाम के अस्पताल में भर्ती किया गया है. जख्मी दुकानदार की पहचान मुस्लिम नगर निवासी मोहम्मद तौसीफ आलम के रूप में हुई है.

घटना के संबंध में बताया जा रहा कि हर दिन की तरह मोहम्मद तौसीफ छोटी मस्जिद के समीप मुख्य बाजार में टेलर को बंद कर अपने घर लौट रहे थे. स्कूटी से घर जाने के दौरान कनीराम चौक के समीप पीछे से बाइक सवार युवकों ने गोली चलाई. गोली मोहम्मद तौसीफ के पीठ में लगी. तौसीफ के अनुसार उन्हें लगा कि कोई टायर फट गया होगा, घर जाने पर पता चला कि उन्हें गोली लगी है.

मोहम्मद तौसीफ इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, यहां उनका इलाज किया गया और डॉक्टर मकबूल अंसारी ने उन्हें रांची रिम्स रेफर कर दिया. पीठ का एक्सरे करने पर पता चला की गोली फंसी हुई है. सदर अस्पताल में ही गोली निकालने का आग्रह किया गया, लेकिन डॉक्टर मकबूल इसके लिए तैयार नहीं हुए और दुकानदार को रेफर कर दिया. इस पर आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के चिकित्सक से बहस भी की, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला. अंततः मोहम्मद तौसीफ को इलाज के लिए डॉ अनवर निजाम के अस्पताल में ले जाया गया. घटना के कारण स्पष्ट नहीं हुआ है. सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.

इसे भी पढ़ें: चुनाव आयोग का बड़ा ऐलान, जम्मू-कश्मीर में रह रहे गैर स्थानीय लोग भी मतदाता सूची में दर्ज कर सकेंगे अपना नाम

 

Related Articles

Back to top button