
Jamshedpur : मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र के वारिस कॉलोनी में बिजली करंट की चपेट में आकर 26 वर्षीय तनवीर अंसारी की मौत की घटना से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार की रात स्थानीय चेपा पुल के पास सड़क जाम कर दिया. वे उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे. इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम रहा. स्थानीय लोग मौके पर बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े थे. इस बीच पुलिस मौके पर पहुंच चुकी थी. सड़क जाम की सूचना के बाद डीएसपी सुमित कुमार भी मौके पर पहुंचे. किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर पुलिस ने शांत कराया उसके बाद सभी आजाद नगर थाना पहुंचे. वहां देर तक वार्ता का सिलसिला चलता रहा. समाचार लिखने तक वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकल सका था. मालूम हो कि आजाद नगर थाना क्षेत्र के वारिसनगर निवासी तनवीर अंसारी की सोमवार को बिजली करंट लगने से मौत हो गई थी.वह विदेश में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था. स्थानीय लोगों के मुताबिक तनवीर बीते साल ही घर वापस लौटा था. कुछ दिनों बाद वह वापस विदेश जानेवाला था. इसी बीच घटना में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद से ही लोगो में बिजली विभाग के प्रति रोष का माहौल था. यह घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे. इसी को लेकर उन्होंने मंगलवार को सड़क जाम किया.
इसे भी पढ़ें – 196 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में अमिताभ चौधरी समेत चार के खिलाफ कोर्ट ने लिया संज्ञान




