
Ranchi/Hazaribagh: गोंदलपुरा खनन परियोजना के तहत बड़कागांव प्रखंड के युवाओं के लिए अदाणी फॉउंडेशन ने एक नयी पहल की है. प्रखंड के वैसे युवा जो भारतीय सेना (पैरामिलिट्री, अग्निवीर, सीआरपीएफ, बीएसएफ आदि) और पुलिस समेत अन्य नौकरियों के लिए इच्छुक हैं, उन्हें आवश्यक शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. साथ ही नौकरी के लिए होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारी भी कराई जाएगी.
इस कड़ी में शुक्रवार से युवाओं के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट की शुरुआत कर दी गयी. बड़कागांव हाई स्कूल मैदान में स्क्रीनिंग कैम्प के पहले दिन हरली, गाली, बलोदर, सुकुल खपिया, साढ़, शिवाडीह, ढेंगा और महुगाई कला के 160 युवाओं ने हिस्सा लिया. सबसे पहले इन सबकी लम्बाई, सीना और वजन की माप की गयी. इसके बाद इन युवाओं ने 1600 मीटर दौड़ में भाग लिया. दौड़ में सफल युवाओं को सिट अप्स और पुश अप भी कराया गया.
पहले दिन की स्क्रीनिंग में 46 युवाओं का चयन किया गया. अब इन्हें दूसरे दौर की स्क्रीनिंग में शामिल किया जाएगा. इसके बाद इन्हें आगे प्रशिक्षण दिया जाएगा. दूसरे दौर की स्क्रीनिंग में शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की जांच भी की जाएगी.




