Bihar

एनआईए अधिकारी ने 2.5 करोड़ रुपये मांगी रिश्‍वत, सीबीआई के हत्‍थे चढ़े डीएसपी समेत 3 घूसखोर

Gaya: नेशनल इन्वेस्टिगेटिंग एजेंसी के डीएसपी सहित 2 एजेंट को 20 लाख रुपये घूस लेते सीबीआई ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. मामला बिहार के गया जिले का है. जहां रिश्‍वत की रकम जदयू के पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी के बेटे से मांगी गई थी. डीएसपी अजय प्रताप सिंह ने रिश्‍वत की कुल रकम 2.5 करोड़ रुपये तय की थी.

गया शहर के एपी कॉलोनी स्थित जदयू के पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी के घर पर पिछले 19 सितंबर को एनआईए की टीम ने छापेमारी की थी. छापेमारी के दौरान 4.3 करोड़ रुपये नगद और कई हथियार बरामद किये गए थे. एनआईए पटना शाखा के डीएसपी अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में छापेमारी की गई थी. डीएसपी के द्वारा नक्सली मामले में फंसाने की धमकी देकर 2.5 करोड़ रुपये रिश्वत की मांग की गई थी.

रमैया कंस्ट्रक्शन के मालिक रॉकी यादव ने एनआईए के डीएसपी अजय प्रताप सिंह के खिलाफ रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था. इसकी शिकायत सीबीआई से की थी. जांच में इस शिकायत की पुष्टि होने के बाद सीबीआई की टीम ने गया से डीएसपी के दो एजेंट को रिश्वत के 20 लाख रुपये के साथ गुरुवार को देर रात गिरफ्तार किया. वहीं, पटना से एनआईए के डीएसपी अजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है. सीबीआई के द्वारा डीएसपी के घर सहित यूपी तक के रिश्तेदारों के घरों पर भी छापेमारी की गई.

जदयू के पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी के पीए रविंद्र यादव ने एनआईए छापेमारी के पीछे किसी राजद के कद्दावर नेता के होने की आशंका जताई है. नक्सल गतिविधि में फंसाने और रॉकी यादव को राहत देने के नाम पर 2.5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गई थी. इसी के तहत रिश्वत की पहली किस्त 20 लाख रुपये लेने डीएसपी के 2 एजेंट को गया से सीबीआई की टीम ने गिरफ्तार किया हैं. सीबीआई की टीम में 6 एसपी और 4 डीएसपी रैंक के अधिकारी शामिल थे.

 

Related Articles

Back to top button