
- Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती वरुण महतो नामक बंदी भाग निकला है. पुलिस ने उसे नक्सली के नाम पर लेवी वसूलने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था. उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती किया गया था. उसके फ़रार हो जाने से जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. फरार कैदी चाईबासा जिले के सोनुआ का रहने वाला बताया जा रहा है. वैसे उसका मूल निवास स्थल सरायकेला है.
पुलिस के चार जवानों के खिलाफ शिकायत दर्ज
इस पूरे मामले में पुलिस के चार जवानों की लापरवाही सामने आई है. मिली जानकारी के मुताबिक कैदी वार्ड में तैनात पुलिस के कुछ जवान बुधवार की भोर में वरुण महतो को बिना हथकड़ी के मानगो बस स्टैंड घुमाने ले गए थे. उसी दौरान वह पुलिस के जवानों को चकमा देकर मौके से भाग निकला को. मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस के चार जवानों के खिलाफ साकची थाना में शिकायत दर्ज की गई है. आरोपी पुलिस के जवान जमशेदपुर पुलिस से जुड़े बताए जा रहे हैं.
देर रात वरीय अधिकारियों को दी गई जानकारी
मामले की जानकारी देर रात पुलिस के वरीयअधिकारियों को देने की बात भी सामने आई है. बताया जा रहा है कि इससे पहले पुलिस के जवानों ने अपने स्तर से फरार कैदी को ढूंढ निकालने की कोशिश की. बावजूद इसके जब उन्हें कोई सफलता नहीं मिली तो मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गई. फिलहाल साकची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. हालांकि पुलिस इस पूरे मामले में ज्यादा कुछ कहने को तैयार नहीं है.
इसे भी पढ़ें – पत्नी को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में एक गिरफ्तार, पढ़ें क्राइम की तीन खबरें-




