
Ranchi : राज्य में नयी सरकार का गठन 2 फरवरी को हो गया है, लेकिन अभी तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो पाया है. मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की ओर से 16 फरवरी को कैबिनेट विस्तार के लिए राजभवन से समय मांगा गया है. जेएमएम ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है. पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि सहयोगी दल कांग्रेस में कुछ बातों को लेकर चर्चा चल रही थी. जिसकी वजह से यह देरी हुई है. हमारी तरफ से सभी मंत्रियों के नाम तय हो चुके हैं.
16 फरवरी को मंत्रिपरिषद का होना है विस्तार
शपथ ग्रहण समारोह 16 फरवरी को होगा. बताया जा रहा है कि जेएमएम और कांग्रेस दोनों की तरफ से नये चेहरे देखे जा सकते हैं. सभी अपनी अपनी लॉबिंग में लगे हुए हैं.
मंत्री पद के लिए कांग्रेस के सबसे प्रबल दावेदार
मंत्रिपरिषद में शामिल होने के लिए पार्टी के विधायक हर हथकंडा अपनाने में लगे हुए हैं. पार्टी की ओर से मंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदार पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव, सिमडेगा विधायक भूषण बारा, मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, बेरमो विधायक जयमंगल सिंह “अनुप”, महगामा विधायक दीपिका सिंह पांडेय और झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह हैं. इन 6 दावेदारों में से तीन नामों पर मुहर लगनी है.
तीन मंत्रियों को बदलने के मूड में कांग्रेस
काफी लंबे समय से कांग्रेस कोटे के मंत्रियों को बदलने की बात सामने आ रही थी. अब यह बदलाव देखने को मिल सकता है. जिन मंत्रियों का पद जा सकता है उनमें वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और कृषि मंत्री बादल पत्रलेख हो सकते हैं. इस बार पिछले चार साल से खाली पड़ा 12वां मंत्री पद पर भी कांग्रेस अपने कोटे से भर सकती है.
नयी सरकार में सोरेन परिवार होगा शामिल
वर्तमान समय में चंपाई सोरेन के नेतृत्व में चल रही सरकार में सोरेन परिवार का कोई भी व्यक्ति शामिल नहीं है. मंत्रिपरिषद के गठन के दौरान सोरेन परिवार का कोई एक सदस्य शामिल होगा. जिसमें जामा विधायक सीता सोरेन, दुमका विधायक बसंत सोरेन में से किसी एक को मंत्री या उपमुख्यमंत्री बनना है. इसके साथ ही जेएमएम के सबसे करीबी गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को मंत्री बनाने को लेकर चर्चा चल रही है.
इसे भी पढ़ें – पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार रहे अभिषेक प्रसाद पिंटू पहुंचे ईडी कार्यालय



