
Ranchi : पीएलए नाम के अपराधिक संगठन ने कल देर रात धनबाद डिवीजन के बरकाकाना-पलामू रेलखंड पर हेंदेगीर स्टेशन के स्टेशन मास्टर राजीव कुमार और पोर्टर संतोष का अपहरण कर लिया था. पीएलए ने स्टेशन मास्टर और पोर्टर का अपहरण कर हेंदेगीर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर बम लगा दिया. इसकी जानकारी मिलने के बाद रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया. बाद में बीडीएस की टीम ने दोनों बमों को डिफ्यूज कर दिया. अपराधियों ने एक पर्चा भी छोड़ा है जिसमें लिखा है रांची के राय, बचरा, खलारी साइडिंग को बंद किया जाये ,क्योंकि सितंबर महीना से पैसा संगठन के पास नहीं पहुच रहा है. खबरों के अनुसार बाद में पोर्टर संतोष को अपराधियों ने स्टेशन के समीप ही छोड़ दिया. वहीं स्टेशन मास्टर राजीव कुमार को पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते अपराधियों ने मुक्त कर दिया. बता दें कि स्टेशन मास्टर राजीव कुमार रातू थाना क्षेत्र से मिले. जानकारी के अनुसार स्टेशन मास्टर रातू थाना के पेट्रोलिंग वाहन के पास खुद चलकर आये. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है.

इसे भी पढ़ें- रांची : बाहर हुई कंपनी एस्सेल इन्फ्रा, अब सभी 53 वार्डों में सफाई कार्य संभालेगा रांची नगर निगम
रोक दिया गया था ट्रेनों का परिचालन
स्टेशन मास्टर और पोर्टर के अपहरण होने और रेलवे ट्रैक पर बम होने की सूचना के मिलने के बाद धनबाद रेल डिवीजन के पलामू बरकाकाना रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया था. मौके पर पुलिस ने पहुंचकर रेलवे ट्रैक पर रखे दो बमों को हटाया. उसके बाद बीडीएस की टीम ने दोनों बमों को डिफ्यूज कर दिया. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
इसे भी पढ़ें- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का हालः दो हजार के बदले किसान के खाते में आये 40 रुपये




