
- वर्तमान में प्रखंड समन्वयकों को हर माह मिलते हैं 15000 रुपये, बढ़ी राशि अप्रैल से मिलेगी
- हर गांव में लगायी जायेगी स्ट्रीट लाइट, 25 को ग्रामीण विकास विभाग और इइएसएल के साथ होगा एमओयू
Ranchi: अब प्रखंड समन्वयकों को हर माह 17,000 रुपये मिलेंगे. मुख्यमंत्री ने सोमवार को ब्लॉक समन्वयकों के कार्य और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए वर्तमान 15,000 रुपये मासिक भुगतेय राशि में 2,000 रुपये और बढ़ाने की घोषणा की. बढ़ी हुई राशि अप्रैल माह से मिलेगी. हर गांव में स्ट्रीट लाइट लगायी जायेगी. इसके लिए 25 फरवरी को ग्रामीण विकास विभाग और इइएसएल कंपनी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किया जायेगा. एक अप्रैल से स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू हो जायेगा. सीएम सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित प्रखंड समन्वयकों के सम्मेलन में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि विकास की किरण अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे यही हमारी सरकार का लक्ष्य है.
बरसात से पहले काम निपटायें
सीएम ने कहा कि स्वशासन की संस्थाओं को मजबूत कर विकास की गति को तेज किया जा रहा है. इसके लिए ग्राम सभा के अधिकारों का पूर्ण उपयोग किया जा रहा है. उनकी मदद से लिए ग्राम विकास समिति और आदिवासी विकास समिति का गठन किया है. उनके माध्यम से भी छोटी-छोटी योजनाएं ली जा रही हैं. राज्य का हर गांव रात में रोशन रहे, महिलाओं को पानी के लिए दौड़ना न पड़े और गांव की सड़कें मजबूत और साफ रहें इसके लिए ग्राम सभा की मंजूरी लेकर अप्रैल से काम शुरू करने का निर्देश दिया गया है. सारे काम बरसात के पूर्व समाप्त कर लिये जाने हैं.
2020 तक घर-घर तक पाइपलाइन से पानी
हर गांव में सौर ऊर्जा आधारित मिनी जलापूर्ति योजना शुरू की जा रही है. इसके तहत छोटे गांव में एक व बड़े गांव में एक से अधिक पानी की टंकी लगायी जायेगी. डीप बोरिंग के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जायेगा. पहले चरण में यहां नल रहेगा. दूसरे चरण में वर्ष 2020 तक घर-घर तक पाइपलाइन के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जायेगा. गांव के भीतर पेवर्स ब्लॉक के माध्यम से सड़क का मजबूतीकरण किया जायेगा.
योजनाओं का करें प्रचार-प्रसार
सीएम ने प्रधानमंत्री कृषि सम्मान योजना, मुख्यमंत्री सुकन्या योजना का प्रचार-प्रसार करने को कहा. प्रधानमंत्री कृषि सम्मान योजना और मुख्यमंत्री किसान आशीर्वाद योजना के तहत राज्य के प्रति किसान को 11 से 31 हजार रुपये तक मिलेंगे. मुख्यमंत्री सुकन्या योजना के तहत जन्म के साथ ही बेटियों के लालन-पालन के लिए धनराशि दी जा रही है. पढ़ाई के लिए 40 हजार रुपये तथा शादी के लिए 30 हजार रुपये की राशि मिलेगी. इन योजनाओं का अधिक से अधिक लोग लाभ लें, इसमें जिला व ब्लॉक समन्वयक सक्रिय योगदान दें.
इसे भी पढ़ें – पेयजल और स्वच्छता विभाग : श्वेताभ कुमार को मिला अभियंता प्रमुख का प्रभार



