
Ranchi: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पुलवामा में शहीद हुए झारखंड के वीर सपूत गुमला निवासी विजय सोरेंग के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और उनके आश्रितों को दस लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिये जाने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि हम अपने जवानों की शहादत का बदला ज़रूर लेंगे. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा वापस लेने का फैसला कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान की कमर तोड़ने की पहल कर दी है. पाकिस्तान और आतंकवादियों को यह याद रखना चाहिए कि अपने जवानों की शहादत का बदला हम ज़रूर लेंगे, हर हाल में लेंगे.
राजभवन में भी शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
राजभवन में शुक्रवार को शोक सभा का आयोजन किया गया. इसमें सीआरपीएफ के जवानों पर आतंकवादियों द्वारा किये गये कायराना हमले की निंदा की गई. शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. दो मिनट का मौन भी रखा गया. शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा गया कि इस दुख की घड़ी में सभी उनके साथ हैं. सभी को अपने सैनिकों व जवानों की वीरता पर गर्व है. मौके पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल के प्रधान सचिव सतेंद्र सिंह सहित राजभवन से सभी पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे.
सूचना भवन में भी शोक सभा
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए आतंकी हमले में शहीद जवानों की आत्मा की शांति के लिए शुक्रवार को सूचना भवन में शोक सभा का आयोजन किया गया. विभाग के निदेशक राम लखन गुप्ता, पदाधिकारियों एवं कार्यरत कर्मचारियों ने हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की.
इसे भी पढ़ें – पुलवामा की शहादत को भूलेंगे नहीं, बदला लेंगे : CRPF



