
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जनगणना अधिनियम, 1948 तथा जनगणना नियम, 1990 के प्रावधानों के तहत महत्वपूर्ण आदेश दिया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि भारत की जनगणना-2027 के मद्देनज़र 1 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2027 तक झारखंड राज्य की किसी भी प्रशासनिक इकाई—जिला, अनुमण्डल, प्रखण्ड, नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत, छावनी परिषद, वार्ड, पंचायत और ग्राम—की क्षेत्रीय सीमाओं में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना कार्यों की शुचिता, पारदर्शिता और सुचारु संचालन के लिए स्थिर प्रशासनिक सीमाएं अत्यंत आवश्यक हैं। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि 31 दिसंबर 2025 तक हुए सभी सीमा परिवर्तन से संबंधित सूचना एवं अधिसूचनाएं निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची को समय पर अग्रसारित की जाएं, ताकि अंतर्गत सभी प्रक्रियाएं अद्यतन अभिलेखों के आधार पर संचालित हो सकें।
सरकार का यह कदम राज्य में जनगणना-2027 की तैयारी को मजबूती देने वाला माना जा रहा है।




