
Chatra: प्रखंड मुख्यालय स्थित लोटार डैम छठ घाट के समीप रविवार शाम को डूबे 38 वर्षीय युवक का शव आज सुबह बरामद कर लिया गया है. युवक की पहचान पिंटू भुइयां (पिता: स्व. गंदौरी भुइयां) के रूप में हुई है, जो चतरा के दिभा मोहल्ले का रहने वाला था. इस घटना के बाद से ही युवक के परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है.मिली जानकारी के अनुसार, पिंटू भुइयां गिद्धौर के पहरा पंचायत स्थित पांडेयटांड़ गांव में अपने चाचा ससुर के यहाँ ज़मीन लेकर बस गए थे. रविवार शाम करीब 4:30 बजे वे लोटार डैम में मछली मारने गए थे. इसी दौरान पैर फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए. बताया गया है कि जहाँ युवक डूबा था, वहाँ पानी की गहराई करीब 30 से 35 फीट थी. हादसे की खबर लगते ही डैम के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. स्थानीय प्रशासन और पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और गोताखोरों की मदद से पूरी रात शव की तलाश में जुटे रहे, हालांकि, रविवार रात शव नहीं निकाला जा सका था. गिद्धौर थाना प्रभारी शिवा यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार को 12 बजे लोगों ने तालाब में तैरता हुआ शव देखा गया था. स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया है. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि मछली मारने के दौरान पैर फिसलने से पानी में डूबने के बाद पिंटू भुइयां की मौत हुई है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है. पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच-पड़ताल की जा रही है. पिंटू भुइयां की असामयिक मृत्यु से दिभा मोहल्ले और पांडेयटांड़ गांव में शोक का माहौल है.




