JharkhandPalamu

पलामू: आगजनी कांड का खुलासा, लोडेड हथियार और बाइक के साथ पांच अभियुक्त गिरफ्तार

Ranchi: पलामू पुलिस ने छतरपुर थाना क्षेत्र में हुए आगजनी की घटना का खुलासा किया है. इस मामले में पांच अभियुक्त को लोडेड हथियार और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है. 27 मई को आधा दर्जन से अधिक की संख्या में अज्ञात अपराधियों द्वारा दो हाइवा वाहनों में आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया था. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया. कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल एसआईटी का गठन किया गया. एसआईटी टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त पांच अपराधियों को लोडेड हथियार (पिस्टल, कट्टा, जिंदा गोली) एवं मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि लगभग सात महीने पूर्व 08-09 व्यक्तियों का एक संगठित गिरोह बनाकर छतरपुर, नौडीहा बाजार एवं अन्य माइनिंग क्षेत्रों में कार्यरत माइंस/क्रशर मालिक, ठेकेदार, ट्रांसपोर्टर एवं दुकानदारों से रंगदारी वसूली की योजना बनाई गई थी. भय का वातावरण बनाने के उद्देश्य से फरवरी माह में नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में तथा विगत दिनों जौरा माइंस रोड पर सुनियोजित साजिश के तहत हाइवा वाहनों में आगजनी एवं फायरिंग की घटनाएं अंजाम दी गई थीं (नौडीहा बाजार थाना कांड संख्या-13/25). वसूल की गई लेवी की राशि को अपराधियों के बीच आपस में बांट लिया गया था, जिससे संबंधित दस्तावेजों को पुलिस ने जब्त कर लिया है.

गिरफ्तार अभियुक्तों में से कई के विरुद्ध पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है.गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम विकास उरांव, मो० याद अली उर्फ सोनू, पंचम कुमार ठाकुर उर्फ पंचम पुजारी, सकेन्द्र उरांव, और जमशेद आलम है. पुलिस ने 7.65 मिमी पिस्टल का एक पिस्टल 7.65 मिमी जिंदा दो गोली, एक देशी देशी कट्टा, 8 मिमी का जिंदा एक गोली, तीन मोटरसाइकिल और दस मोबाइल फोन बरामद किया है.

Related Articles

Back to top button