
Ranchi: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को सरना धर्म कोड के मसले पर सरकार पर हमला बोला. सवाल भी दागे. प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस और झामुमो के सरना धर्म कोड की मांग पर प्रतिक्रिया दी. कहा कि आज झामुमो और कांग्रेस आदिवासी समाज के लिये चिंतित हैं. यह अच्छी बात है. लेकिन ये लोग अधूरे काम और आधी बात बताते हैं. सरकार को आदिवासी समाज को लेकर जो कार्य करना चाहिये था, उस पर कोई कार्य वह नहीं कर रही है. बल्कि आदिवासी समाज को सरना धर्मकोड को लेकर बरगलाने का काम किया जा रहा है.
श्री मरांडी ने केंद्र की कांग्रेस सरकार की निगरानी में की गई 2011 की जनगणना का जिक्र करते कहा कि जनगणना के अनुसार झारखंड़ की कुल जनसंख्या 3,29,88,134 थी. इसमें आदिवासी समाज की आबादी 86 लाख 45 हज़ार 42 थी जो कुल आबादी का 26.20 प्रतिशत थी. इसमें से आदिवासियों की जनसंख्या का 15.48 % आबादी ईसाई है जो 95% आदिवासी समाज के ही लोग हैं और 5% दूसरे जाति के हैं. उस समय ईसाई समाज की जनसंख्या 14 लाख 18 हज़ार 608 थी जो आदिवासियों की कुल जनसंख्या का 15.48 % थी जिसमें से 26% उरांव, 35%मुंडा,67 % खड़िया और 0.85% संथाली, 2.14% हो समाज के लोग ईसाई बन चुके हैं। बाबूलाल ने सवाल करते कहा कि जब सरना धर्म कोड लागू होगा तो सरना धर्म कोड लिखेगा कौन? सरना कोड वही लिखेगा जो सरना मां, मरांग बरु,जाहेर और सिंगबोंगा को मानते हैं। लेकिन आदिवासी समाज की 15% आबादी तो ईसाई बन चुके है तो ये सरना कैसे लिखेंगे क्योंकि ये सरना को तो मानते नहीं हैं.
धर्मांतरण को रोके सरकार
बाबूलाल ने कहा कि रघुवर दास की सरकार ने धर्मांतरण को रोकने के लिए धर्म से सम्बंधित एक विधेयक लाया था. आज हेमन्त सोरेन सरकार को भी सबसे पहले तेजी से जो आदिवासी समाज के लोग अपना धर्म बदल रहे हैं, उस पर कार्रवाई करनी चाहिए वरना आदिवासी बचेगा ही नहीं तो फिर सरना धर्म कौन लिखेगा. अतः सरकार में शामिल कांग्रेस और झामुमो, दोनों ही राजनीतिक दल इस मुद्दे पर खोखली राजनीति नहीं करे. सबसे पहले झारखंड़ के 32 जनजातीय समाज की रीति रिवाज, परंपरा और संस्कृति को अक्षुण्ण रखने का प्रयास करे। धर्मांतरण पर रोक लगाए. उन्होंने कहा कि हम तो सरना को दिल से मानते हैं. जब सरना की बेहतरी के लिए कुछ करना होगा तो जरूर करेंगे. मौके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव भी उपस्थित थे.




