JharkhandLead NewsRanchi

JSSPS ने गिनायीं 2025 की शानदार उपलब्धियां, “पे एंड प्ले” प्रणाली को बताया खास

Ranchi : झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसाइटी (JSSPS) ने सोमवार को अपनी खास उपलब्धियों को साझा किया. विशेषकर वर्ष 2025 में उसके खिलाडियों द्वारा विभिन्न राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में शानदार प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी. औपचारिक सूचना जारी करते बताया गया 38वें राष्ट्रीय खेल, जो 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक उत्तराखंड में आयोजित हुए, उसमें JSSPS के सात खिलाड़ियों ने भाग लिया. इन खिलाड़ियों ने आधुनिक पेंटाथलॉन में 2 कांस्य पदक जीते.

इसके अलावा, JSSPS के तीन साइक्लिस्टों ने मलेशिया में 21 से 27 फरवरी 2025 तक आयोजित ट्रैक एशियन चैंपियनशिप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित होकर देश का नाम रोशन किया. फुटबॉल में भी JSSPS के दो युवा फुटबॉलरों का चयन तुर्की में आयोजित पिंक लेडीस U-20 यूथ कप में भारतीय टीम के सदस्य के रूप में किया गया, जो 19 से 25 फरवरी 2025 तक आयोजित हुआ. 40वीं सीनियर राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैम्पियनशिप का आयोजन 28 से 30 जनवरी 2025 तक हैदराबाद में हुआ, जिसमें JSSPS के पांच खिलाड़ियों ने भाग लिया और तीन स्वर्ण पदक जीतकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया. इसके अलावा, अस्मिता खेलो इंडिया वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप में भी JSSPS के खिलाड़ियों ने 2 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर अपने खेल कौशल को साबित किया.

स्टेडियमों का उपयोग और समर्थन

फरवरी 2025 में, JSSPS के स्टेडियमों में विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खेल का आयोजन हुआ. गणपत राय इंडोर स्टेडियम में राज्य कराटे टूर्नामेंट आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 100 खिलाड़ियों ने भाग लिया. इसी दौरान, ताना भगत इंडोर स्टेडियम में झारखंड राज्य हैंडबॉल एसोसिएशन द्वारा राष्ट्रीय पुरुष हैंडबॉल चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 500 खिलाड़ी शामिल हुए.

सुरक्षा में सुधार की दिशा में कदम

JSSPS ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के लिए एक नई कार्य-योजना तैयार की है. अब केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही परिसर में प्रवेश मिलेगा और गेट पर एंट्री रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया जाएगा. इसके अलावा, JSSPS द्वारा आई.डी कार्ड जारी करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है, ताकि सुरक्षा को और सुदृढ़ किया जा सके. साथ ही, “पे एंड प्ले” प्रणाली को पूरी तरह ऑनलाइन किया जा रहा है ताकि प्रवेश और उपयोग से संबंधित सभी गतिविधियां पारदर्शी और व्यवस्थित हो सकें.

JSSPS का उद्देश्य परिसर को हरे-भरे वातावरण से सजाना है, और इसके लिए सुंदर फूलों के साथ औषधीय पौधों का रोपण करने की योजना बनाई जा रही है. 200 एकड़ में फैले JSSPS परिसर की कुछ जगहों पर बाउंड्री वॉल की मरम्मत की आवश्यकता है. इसे प्राथमिकता दी गई है और अगले वर्ष की कार्ययोजना में इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

Related Articles

Back to top button