
KHUNTI: कर्रा थाना क्षेत्र के छाता पंचायत अंतर्गत सावड़ा गांव में 38 वर्षीय झालो बारला ने बेतरा में अपने तीन वर्ष के बेटे को बांधकर अपनी दो बेटियों की आंखों के सामने कुंए में छलांग लगा दी, जिससे मां-बेटा दोनो की मौत हो गई. डरी सहमी बेटियों ने दौड़ते हुए इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी. घटना शुक्रवार देर रात की है. शनिवार की सुबह परिवार वालों को इसकी जानकारी मुखिया को दी और मुखिया ने पुलिस को सूचित किया. कर्रा थाने की सब इंस्पेक्टर निशा कुमारी सदल बल सावड़ा गांव के उस कुंए के पास पहुंची. दोनो शवों को बाहर निकाला गया. पंचनामा करने के बाद शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया.
परिवार के लोगों ने बताया कि झालो बारला नशापान करती थी. पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. शुक्रवार की रात वह बेटे को बेतरा में बांधकर और अपनी दोनो बेटियों को पैदल अपने साथ लेकर कुंए के पास पहुंची और बेटियों से कुछ कहे बगैर कुंए में छलांग लगा दी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. मृतका का पति बिजला बारला दिहाड़ी मजदूरी करता है.



