
Bermo: बेरमो अनुमंडल बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के 630 मेगावाट वाले स्क्रैप पावर प्लांट में स्क्रेप कटिंग का कार्य के दौरान दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल है. घटना गुरुवार अपराहन लगभग सवा तीन बजे की है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि स्क्रेप पावर प्लांट का कार्य करने वाली हैदराबाद की कंपनी राघा स्मेलटर्स के कामगारों द्वारा गुरुवार की दोपहर सवा तीन बजे स्वीच यार्ड के बगल की दीवार के उपर का स्टै्रक्चर को काटकर गिराने का कार्य किया जा रहा था. कटिंग के बाद दीवार एवं लोहा के एंगल का स्टै्रक्चर विपरीत दिशा में गिरने की बजाय जिधर मजदूर स्टै्रक्चर के नीचे वाले छज्जा पर कार्य कर रहे थे,धर ही आ गिरा. अचानक स्टै्रक्चर गिरने से गोविंदपुर बी पंचायत जरवा बस्ती के कामगार दिलीप सिंह एवं उनका पुत्र करण कुमार, गोविंदपुर ई पंचायत अंतर्गत गोविंदपुर बस्ती निवासी डीवीसी कर्मी अर्जुन सिंह का 35 वर्षीय पुत्र भोला सिंह सहित कंपनी के अन्य कामगार मलबे की चपेट में आकर गिर पड़े और मलबे में ही दब गये.दिलीप सिंह को गिरने के बाद भी चोट नहीं आई जबकि उनका पुत्र करण कुमार को कमर, पैर, हाथ सहित शरीर के बायें भाग में गंभीर रुप से चोटें आई हैं. करण को तत्काल अन्य कामगारों एवं दूसरे संवेदक विभूति प्रसाद सिंह ने डीवीसी हॉस्पिटल पहुंचाया जहां डॉक्टर बी सुदर्शन ने घायल का इलाज किया.बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया.दूसरी ओर घटना के बाद मजदूर भोला सिंह का पता नहीं चला पा रहा था. काफी खोजबीन के बाद भोला का क्षतविक्षत शव मलबे में दबा हुआ पाया गया. प्रत्यक्षदर्शी कामगारों का कहना था कि दो मजदूर स्थानीय थे,इसलिए घटना की जानकारी मिल गई है जबकि उक्त स्थान पर बाहर के भी मजदूर कार्य कर रहे थे,और वे भी मलबे में दब गए हैं.कहा कि मलबा हटाने के बाद बाकी के बाहर के मजदूरों का भी शव बरामद किया जा सकेगा. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि मृतक भोला सिंह को आधा शव उपर ही टंगा है और शरीर नीचे मलबे में दबा था.पावर प्लांट में घटनास्थल एवं उसके आसपास के एरिया को सीआईएसएफ ने घेराबंदी कर किसी के भी प्रवेश पर रोक लगा दी है.

मलबा गिरने से डीवीसी के स्वीच यार्ड एवं इंस्ट्रमेंट का कंट्रोल रुप क्षतिग्रस्त-प्लांट का मलबा गिरने से डीवीसी के ए पावर प्लांट के स्वीच यार्ड एवं इंस्ट्रमेंट के कंट्रोल रुप की छत टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई है. पैनल रुम भी क्षतिग्रस्त हुआ है.

घटना के बाद एचओपी ने लिया जायजा
घटना के बाद डीवीसी के एचओपी सुशील कुमार अरजरिया, जीएम ओएंडएम एम प्रसाद सहित सभी अभियंता घटनास्थल पर पहुंच घटना की जानकारी ली.सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना के इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर अनि अजीत कुमार,धनंजय सिंह भी पावर प्लांट पहुंचे. बेरमो एसडीएम मुकेश कुमार मछुआ ने भी डीवीसी के एचओपी से घटना की जानकारी ली.
ग्रामीणों ने किया गेट जाम
घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, जिप सदस्य शहजादी बानो,मुखिया बिश्वनाथ महतो, चंद्र देव घांसी, मंजूर आलम, नीलकंठ महतो, कर्मचारी संघ के सचिव सदन सिंह, जानकी महतो सहित काफी संख्या में गोविदंपुर एवं जरवा बस्ती के ग्रामीण पावर प्लांट मेन गेट पहुंचकर पावर प्लांट के मेन गेट को जाम कर दिया है. ग्रामीण एवं प्रतिनिधि पावर प्लांट से किसी भी कामगार को बाहर निकलने भी नहीं दे रहे हैं. सुरक्षा को लेकर मेन गेट पर काफी संख्या में सीआईएसएफ जवानों को अधिकारियों के साथ तैनात कर दिया गया है.
मृतक के पिता गुरुवार को प्रयागराज से संगम स्नान कर पहुंचे थे
मृतक भोला सिंह के डीवीसी कर्मी पिता अर्जुन सिंह गुरुवार को ही प्रयागराज से संगम स्नान कर दोपहर तीन बजे बोकारो थर्मल पहुंचे थे.बोकारो थर्मल झारखंड चौक पहुंचने पर उन्होंने बेटे भोला को फोन कर उन्हें घर ले जाने को कहा. भोला ने पिता से कहा कि वह पावर प्लांट डयूटी आ गया है. बाद में साढे तीन बजे उन्हें अपने बेटा के मौत की सूचना मिली.पिता का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतक की मां का पूर्व में ही निधन हो गया था. मृतक का छोटा भाई मनोज सिंह का भी हाल बेहाल था. मृतक भोला को एक 12 वर्ष की पुत्री पीहू एवं 7 वर्ष का पुत्र प्रियांसु है.पत्नी लक्ष्मी देवी का भी रो-रोकर हाल बेहाल था.




