Khunti

पूर्व केंद्रीय मंत्री, विधायक समेत 10 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे डोम्बारीबुरू, शहीदों को दी श्रद्धांजलि, किया नमन

Khunti: नौ जनवरी को डोम्बारीबुरू में शहीउद मेला लगा. सुबह पाहन द्वारा पूजा-पाठ करने के बाद आसपास के गांवों से लोग डोम्बारीबुरू पहुंचने लगे. पश्चिमी सिंहभूम से बिरसईत समाज के लोग भी पहुंचे. दोपहर के बाद विधायक रामसूर्या मुंडा, सुदीप गुड़िया, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा समेत कई सथानीय नेता डोम्बारीबुरू पहुंचे और शहीदों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किया. भीड़ तीन बजे के बाद इतनी ज्यादा हुई कि डोम्बारीबुरू पहुंचने वाली सभी ग्रामीण पतली सड़कें जाम हो गईं. हजारों की संख्या में बाईक और सैकड़ों कारें यहां पहुंची. डोम्बारीबुरू में स्थित भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा से लगभग 300 मीटर पहले ही सारी गाड़ियों को रोक कर स्थानीय युवाओं के द्वारा बनाए गए पार्किंग में लगवाया गया. मिठाई, खिलौने, श्रृंगार के सामान समेत हर तरह की सैकड़ों दुकानें लगी थीं. हर दुकान में लोगों की भीड़ थी। मेला देर रात तक चलता रहेगा.

बिरसईत धर्मावलंबी हुए शामिल

पश्चिमी सिंहभूम, रांची और खूंटी जिले से काफी संख्या में बिरसईत धर्मावलंबी शहादत दिवस में शामिल होने आये थे. बिरसईतों ने पूजा अर्चना और वंदना की. बिरसईतों ने कहा कि उनका समाज बिरसा के बताये मार्ग पर चलते हुए डायन-बिसाही, नशापान, खैनी-तम्बाकू के कुपरिणामों के खिलाफ लोगों को जागरूक करते हुए जल-जंगल-जमीन की रक्षा कर रहे हैं.

सईल रकब पहाड़ पर लगा रहा तांता

डोम्बारीबुरू में स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा और मंच के पास से सईलरकब में शहीदों की स्मृति में बनाए गए स्तूप तक लगभग डेढ़ किमी लंबी और 60 से 80 डिग्री की चढ़ाई पर लोग हंसते-हंसते चढ़ रहे थे. पहाड़ पर बने डेढ़ किमी लंबी पीसीसी सड़क घंटों तक लोगों से खचाखच भरा रहा. यहां किसी भी प्रकार के वाहन के आने-जाने पर प्रतिबंध था. बच्चे, बड़े, बुढ़े सभी शहीदों की स्मृति में बने स्तूप पर सर झुका कर नमन करने को आते थे. ग्रामीणों ने कहा कि इस वर्ष सईल रकब डोम्बारीबुरू में अब तक की सबसे ज्यादा भीड़ रही. गुटुहातू पंचायत के मुखिया सुरजू हस्सा के नेतृत्व में गुटुहातू गांव के युवाओं और ग्रामीणों ने मेला के संचालन में अपना महत्वपुर्ण योगदान दिया.

किसने क्या कहा
आज हमसब डोम्बारबुरू में शहीदों को नमन करने आए हैं. इन पहाड़ों पर जिन वीरों ने अपनी शहादत दी है, उसे हम बेकार नहीं जाने देंगे. जिस जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए डोम्बारीबुरू के पहाड़ से खून से लाल हुए थे, उस खून की कसम हम जल, जंगल, जमीन पर आंच नहीं आने देंगे. इसकी रक्षा के लिए झामुमो का हर सिपाही सदैव तत्पर है. : सुदीप गुड़िया, झामुमो विधायक, तोरपा.

हम धरती आबा भगवान बिरसा और उनके अनुयायियों के शहादत को भूल नहीं सकते. शहीदों की भूमि डोम्बारीबुरू को पर्यटन सथल के रूप में विकसित कर इसे राष्ट्रीय स्तर पर धरोहर के रूप में स्थापित करने का काम किया जाएगा. डोम्बारबुरू के विकास का काम जल्द प्रारंभ होगा. हम वीर भूमि के लोग हैं. हमसबको मिलजुल कर जल जंगल, जमीन और अपने हक-अधिकार की रक्षा करनी है. : राम सूर्या मुंडा, झामुमो विधायक, खूंटी.

पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भाजपा ने बिरसा को सम्मान देने का काम किया. उनके जन्म दिवस को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया. हमारे द्वारा बिरसा कोरिडोर के लिए राशि जिले को आबंटित किया गया है. बिरसा मुंडा और उनके अनुयायियों ने अंग्रेजों के खिलाफ उलगुलान किया. डोम्बारीबुरू में सैकड़ों लोग शहीद हुए, जिन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने हम डोम्बारीबुरू आए हैं.

पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री, नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि देश को आजादी दिलाने, आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन के साथ हक और अधिकार की रक्षा के लिए डोम्बारीबुरू में 400 से ज्यादा बिरसा के अनुयायियों ने शहादत दी. जालियावाला बाग से ज्यादा आदिवासियों को डोम्बारबुरू के पहाड़ों में घेरकर आदिवासियों ने मार डाला. लेकिन ये शहीद गुमनामी के अंधेरे में हैं.यह चिंतनीय है. हम शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं.

शहादत दिवस पर उपायुक्त पहुंचे डोम्बारबुरू

खूंटी का डोम्बारी बुरु, जो झारखंड के इतिहास में वीरता और बलिदान का प्रतीक है, नौ जनवरी को शहादत दिवस के अवसर पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा पहुंचे. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके अमर बलिदान को याद कर श्रद्धांजलि दी. मौके पर उपायुक्त संग मुख्य रूप से उपस्थित पुलिस अधीक्षक अमन कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी ने भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया।
उपायुक्त ने कहा कि डोम्बारीबुरु का ऐतिहासिक महत्व है, यह वह स्थान है, जहां भगवान बिरसा मुंडा और उनके अनुयायियों ने ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ संघर्ष किया था. यह स्थल 1899-1900 के उलगुलान आंदोलन का प्रमुख केंद्र रहा. भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व में स्थानीय जनजातीय समुदाय ने अन्याय, शोषण और दमन के खिलाफ आवाज उठाई. डोम्बारीबुरु की पहाड़ियों पर हुए संघर्ष में सैकड़ों आदिवासी वीर शहीद हुए. यह स्थल आज भी जनजातीय संस्कृति, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है. उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया. साथ हीं लोगों को भगवान बिरसा मुंडा के पदचिह्नों पर चलने और समाज में एकता और भाईचारे को बनाए रखने का आह्वान किया.

कांग्रेस पार्टी ने दी डोम्बारीबुरू के शहीदों को श्रद्धांजलि

डोम्बारबुरू में खूंटी जिला कांग्रेस के अध्यक्ष में पार्टी नेताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की. रवि मिश्रा ने कहा कि बिरसा मुंडा और उनके अनुयायियों की शहादत के कारण ही हमें आजादी मिली. जल, जंगल, जमीन और आदिवासियों के हितकारी अधिकार व कानून सुरक्षित है. रवि मिश्रा ने कहा कि हम डोम्बारबुरू के शहीदों की शहादत को भूल नहीं सकते.
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विलशन टोपनो, आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष फुलचंद टुटी, अनमोल होरो, सुषमा भेंगरा, सुनिता गोप, शांता खाखा, मगरीता खेस आदि के नाम शामिल हैं.

झापा ने दी श्रद्धांजलि

झारखंड पार्टी के महासचिव योगेश वर्मा के नेतृत्व में दर्जनों झापा कार्यकर्ता डोम्बारबुरू पहुंचे और शहीदों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किया. उन्होंने कहा कि आज ही के दिन अंग्रेजों के खिलाफ उलगुलान कर रहे लगभग 400 आदिवासियों को अंग्रेजों ने गोलियों से भून डाला था. इस दिन हमसब यहां उन वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने आते हैं. योगेश वर्मा के साथ सुशील मुंडू, पतरस नाग, पौलुस नाग, आनंद कोंगाड़ी, कृष्णा मांझी समेत अन्य कार्यकर्ता थे.

Related Articles

Back to top button