
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है. ईडी और सीबीआइ को मेरे पीछे लगा कर मुझे परेशान किया गया. झूठे आरोप लगा कर 5 महीने तक जेल में भी रखा गया. लेकिन मैं डरने व झुकनेवाला नहीं हूं. भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए हम तैयार हैं. जनता भी जवाब देने को तैयार है. हम शिबू सोरेन के बेटे हैं, नहीं डरेंगे. हेमंत सोरेन गढ़वा में मंत्री मिथिलेश ठाकुर की ओर से आयोजित नामांकन सभा को संबोधित कर रहे थे. मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने झामुमो प्रत्याशी के रूप में एक बार फिर गढ़वा से नामांकन किया है. नामांकन के बाद गोविंद हाई स्कूल के मैदान में सभा आयोजित की गई. सभा में हेमंत सोरेन भी शामिल हुए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य के विकास के लिए बहुत सारे फैसले लिए हैं. हमने गरीब गुरबा को ध्यान में रखकर फैसला लिया. किसानों का ₹200000 तक का कर्ज माफ किया. बिजली बिल माफ किया. महिलाओं के लिए योजना शुरू की. उनके खाते में अब ₹1000 हर महीने जा रहा है. किसनों की आय दुगनी करने के लिए योजनाएं शुरू की. कम समय में ही हमने राज्य को विकास की पटरी पर लाया. गढ़वा पलामू के लिए हमारी सरकार ने कई काम किए हैं. बिजली संकट अब यहां खत्म हो गया है.
उन्होंने कहा कि झारखंड में समय से पहले चुनाव कराया जा रहा है. यह साजिश है, लेकिन हम हर परिस्थिति के लिए तैयार हैं. उन्होंने जनता से मिथिलेश ठाकुर द्वारा किए गए विकास कार्यों को देखते हुए फिर से जीत दिलाने की अपील की. मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने विकास के लिए किए गए कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि जनता उन्हें जरूर फिर से एक मौका देगी.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भवनाथपुर से झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव की ओर से आयोजित सभा में भी पहुंचे और वहां भी सभा को संबोधित किया. मुख्यमंत्री तय समय से काफी विलंब से पहुंचे. एक समय ऐसा लग रहा था कि वह नहीं पहुंच पाएंगे. लोगों में निराशा फैल गई थी. लेकिन वह पहुंच गए.



