Giridih

गिरिडीह: निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

Giridih: जिले के चैताडीह सरकारी मातृत्व शिशु स्वास्थ इकाई के पास संचालित एक निजी हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. इस दौरान अस्पताल में ताला लगाकर संचालक और चिकित्सक मौके से फरार हो गये. घटना में परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक और कर्मी पर इलाज के दौरान लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है.

घटना में मृतका की पहचान धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के मनियाडीह गांव निवासी चांदनी देवी बताई गई है. पीड़ित परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले प्रसव पीड़ा के बाद गर्भवती को मातृत्व शिशु स्वास्थ इकाई में भर्ती के लिए ले गए थे. लेकिन देर रात होने के कारण कोई डॉक्टर नहीं मिलने पर एक सहिया उन लोगों को बक्सीडीह कमरसाली, चैताडीह के इसी सावित्री हॉस्पिटल ले आई. जहां उन्हें बताया गया कि नॉर्मल डिलीवरी संभव नहीं है, ऑपरेशन करना होगा. ऑपरेशन से बच्चा होने के बाद महिला की तबियत बिगड़ने लगी. गंभीर अवस्था को देखकर उस महिला को धनाबद ले जाने का सुझाव दिया गया. गंभीर अवस्था में उक्त महिला को धनबाद के बलिया रोड स्थित जेपी हॉस्पिटल में लाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन शव लेकर सावित्री हॉस्पिटल पहुंचे, और जमकर हंगामा किया. घटना की जानकारी मिलने पर पचंबा पुलिस और कई स्थानीय नेता भी पहुंचे. और लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया.

Related Articles

Back to top button