
Ranchi : झारखंड राज्य के कर्मचारी, सेवानिवृत कर्मियों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ देने के लिए अभि यान चलाया जायेगा. टाटा एआईजी जेनरल इंश्यूरेंस के साथ एमओयू किए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी विभागों को पत्र लिखा है और कहा कि अपने विभाग, संथानों के अधिनस्थ कार्यरत, सेवानिवृत्त कर्मियों को योजना की सूचना अपने स्तर से उपलब्ध करायें एवं सभी का नियमानुसार एनरॉलमेंट employeesswasthya bima.jharkhand.gov.in पर कराना सुनिश्चित करायें. प्रधान सचिव ने इसे अभियान मोड में लेते हुए कैंप लगाकर करने का भी अनुरोध सभी विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, विभागाध्यक्ष, प्रमंडलीय आयुक्त व उपायुक्त्त से किया है. इस योजना के तहत राज्य के सभी सेवाओं के सेवारत कर्मियों, सेवानिवृत कर्मियों और उनके परिवार के आश्रित सदस्यों को प्रतिवर्ष प्रति परिवार 5 लाख तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा का लाभ प्रदान किया जाना है. इसमें सलाना 50 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है. कार्यरत कर्मियों का बीमा प्रीमियम राशि 6000 रुपये का भुगतान सरकार करेगी. वहीं, सेवानिवृत्त कर्मियों को खुद से यह राशि देनी है. इस योजना का लाभ विवि, विधानसभा सदस्यों इत्यादि को भी मिलेगा.



