JharkhandLead NewsRanchi

हेमंत पर बाबूलाल का तंज: आदिवासी जमीन पर बैंक्वेट हॉल बनाने का सपना टूटने से खो बैठे हैं मानसिक संतुलन

Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन पर तंज कसा है. सोशल मीडिया (एक्स) के जरिए कहा है कि आदिवासियों की जमीन हड़प कर आलीशान बैंक्वेट हॉल बनाने का सपना संजोने वाले हेमंत सोरेन की साजिश का जबसे भंडाफोड़ हुआ है, तब से उनका मानसिक संतुलन गड़बड़ा गया है. बाबूलाल के मुताबिक, पिछले साढ़े चार सालों में झारखंड में एक ढेला काम नहीं करने वाले हेमंत सोरेन के द्वारा भाजपा पर लेबल लगाने का आरोप हास्यास्पद है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाएं झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं. हेमंत से कहा है कि वे अपने अधिकारियों से कोर्ट-कचहरी और वकील के खर्चे का हिसाब मांगने की बजाय केंद्र सरकार के लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मांगें.

जमीन हड़पने का सीएम पर लगा लेबल

बाबूलाल ने कहा है कि हेमंत पर लेबल तो लग गया है.आदिवासियों की जमीन हड़पने का, खुद ही अपने नाम खदान लीज करने का, बांग्लादेशी घुसपैठियों के संरक्षक का, दलाल बिचौलियों के सरगना का और अंधेरी रात में गमछी से मुंह ढंक कर नंगे पांव भागने का. चिंता मत करिए. आगामी चुनाव में जनता-जनार्दन आपको सत्ता से खदेड़कर राजनीतिक बेरोजगार का भी लेबल लगाने जा रही है.

Related Articles

Back to top button