
Ranchi : हेमंत सोरेन सरकार के जल संसाधन मंत्री अब भाजपाई बनने का मन बना चुके हैं. 30 अगस्त को चंपाई अपनी पुरानी पार्टी झामुमो को औपचारिक तौर पर अलविदा कर कमल फूल हाथों में थामे नजर आएंगे. उम्मीद है कि भाजपा प्रदेश कार्यालय, रांची में शुक्रवार को आयोजित होने वाले ‘मिलन समारोह’ में भाजपाई हो जाएंगे. इसके साथ ही उन कयासों पर भी विराम लग जाएगा जिसमें उनके आगे के सियासी सफर को लेकर सस्पेंस जारी था. इधर, कहा जा रहा कि झामुमो के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम भी भाजपा खेमे में जाने को तैयार हैं. झामुमो की शिकायत पर विधानसभा स्पीकर द्वारा पार्टी से बाहर किए गए लोबिन मीडिया के सामने भाजपा जाने की बात स्वीकार कर चुके हैं. उम्मीद है कि वह भी 30 अगस्त को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर लें. भाजपा की ओर से 30 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर 28 अगस्त को सारा कुछ तय किए जाने की बात कही जा रही है. चर्चा है कि झारखंड में भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सह प्रभारी असम के सीएम हिमंता विस्वा सरमा तो रहेंगे ही, और भी शीर्ष नेता इसमें शामिल हो सकते हैं. वैसे यह भी बताया जा रहा कि प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी अभी दिल्ली गये हुए हैं जहां वे चंपाई सोरेन प्रकरण और भाजपा में उनके योगदान कार्यक्रम को लेकर शीर्ष नेताओं से बात कर रहे हैं. बुधवार तक सारी तस्वीर साफ हो जाएगी.
सितंबर में सरायकेला जा सकते हैं गृह मंत्री
राज्य में अगले 2-3 माह में विधानसभा चुनाव की संभावना को देखते गृह मंत्री अमित शाह सितंबर में रांची आ सकते हैं. कहा जा रहा है कि चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के बाद वे उनके गृह जिले सरायकेला भी जाएंगे. चंपाई के पैतृक गांव के अलावा वे कोल्हान में भाजपा के लिए चुनाव अभियान को गति देंगे. गौरतलब है कि कोल्हान पर अमित शाह की खास नजर रही है. पूर्व में उनके प्रयासों का ही नतीजा था कि कांग्रेस की सांसद गीता कोड़ा लोकसभा चुनाव 2024 के पहले भाजपा में आ गयी थी. अब चंपाई के जरिए भी वे भाजपा के किले को कोल्हान में मजबूत करना चाह रहे हैं.
नेता प्रतिपक्ष ने चंपाई का किया स्वागत
नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के भारतीय जनता पार्टी के शामिल होने की खबर के बाद उन्हें पार्टी की सदस्यता के लिए शुभकामनाएं दी हैं. कहा है कि चम्पाई सोरेन कोल्हान के टाइगर, आदिवासी समाज के बड़े ही कद्दावर नेता हैं. उनके भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी. श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों के झारखंड को बनाने में उनसे सहयोग मिलेगा. हम सब मिलकर राज्य को बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे.
सीता- गीता वाला होगा हाल
इधर, प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि चंपाई सोरेन का भी भाजपा में हाल पूर्व सांसद गीता कोड़ा और पूर्व विधायक सीता सोरेन वाला होगा. भाजपा पूर्व सीएम को अपने साथ जोड़ रही पर उसे कोई लाभ नहीं होगा. झामुमो प्रवक्ता विनोद पांडेय ने चंपाई से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है.



