
Koderma : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में राजस्व संबंधित बैठक की गयी. बैठक में उपायुक्त द्वारा राजस्व संबंधित सभी मामलों एवं विभागीय समीक्षा की गयी. बैठक में राजस्व न्यायालय, लंबित दाखिल खारिज मामले, भूमि सीमांकन के लिए प्राप्त आवेदन के निष्पादन, जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र, विभिन्न विभागों की भूमि से संबंधित मामले और आपदा मद से उपलब्ध आवंटन एवं मांग की स्थिति पर चर्चा की गयी. उपायुक्त ने लंबित दाखिल खारिज मामलों को यथाशीघ्र निष्पादन करने का निर्देश सभी अंचल अधिकारी को दिये और कहा कि बिना किसी वैद्य कारण के आवेदनों रिजेक्ट ना करें. उन्होंने कहा कि भूमि सीमांकन से संबंधित सभी प्राप्त आवेदन का यथाशीघ्र निष्पादन करें. जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र बनाने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया. विभिन्न विभागों के भूमि से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर मामलों का निष्पादन करते हुए विभाग के कार्य को गति प्रदान करें. जिला भू अर्जन पदाधिकारी को एनएच से संबंधित मामलों को निष्पादन करने को कहा गया. इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने नये गोदाम निर्माण हेतु जमीन चिन्हित करने का निर्देश सभी अंचल अधिकारी को दिया. सोलर पावर पार्क बनाने को लेकर जमीन चिन्हित करने को कहा गया. सरकारी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर हेतु भूमि का चिन्हिकरण, श्रमिक विद्यालय हेतु भूमि का चिन्हिकरण, जिला परिषद कोडरमा को स्व आय स्रोत में वृद्धि हेतु हाट बाजार, बस पड़ाव एवं मार्केट कांप्लेक्स के निर्माण हेतु भूमि का चिन्हिकरण, रिटेल आउटलेट निर्माण हेतु भूमि का चिन्हिकरण और पिछड़ी जाति छात्रावास हेतु भूमि का चिन्हिकरण करने का निर्देश सभी अंचल अधिकारी को दिया गया. बैठक में मुख्य रूप से अपर समाहर्ता पूनम कुजूर, अनुमंडल अधिकारी रिया सिंह, सिविल सर्जन डॉक्टर अनिल कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला भू-अर्जन अधिकारी गिरिजा शंकर महतो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिंह समेत अन्य मौजूद रहे.
मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया
महिला एवं बाल विकास मंत्री सह सांसद कोडरमा अन्नपूर्णा देवी ने मंगलवार को कोडरमा प्रखंड अंतर्गत लोचनपुर आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया. आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका एवं बच्चों के ने मंत्री को पुष्प देकर स्वागत किया. निरीक्षण के क्रम में मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दी जाने वाली समावेशी शिक्षा के बारे में जानकारी ली. उन्होंने कहा कि बच्चों का विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विकास करें. इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी केंद्र में मंत्री अन्नपूर्णा देवी और उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पौधा रोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस मौके पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमन गुप्ता व अन्य मौजूद रहे.



