DhanbadJharkhandLead News

सीएम चंपाई सोरेन ने धनबाद को दी बड़ी सौगात, 314 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास व उद्घाटन

15 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की मिलेगी सुविधा

Dhanbad: झारखंड विकास के हर मोर्चे पर तीव्र गति से आगे बढ़े, इस सोच और प्रतिबद्धता के साथ हमारी सरकार कार्य कर रही है. पिछले साढ़े चार वर्षों में तमाम विपरीत परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच हमारी सरकार  राज्य को संवारने और नई दिशा देने का काम बखूबी करती आ रही है. आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं. मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने बुधवार को धनबाद में विभिन्न  योजनाओं के उद्घाटन,- शिलान्यास और लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 313 करोड़ 96 लाख 24 हज़ार 500 रुपए की 333 योजनाओं का उद्घाटन- शिलान्यास किया. इसमें  165 करोड़ 50 लाख 22 हज़ार 800  रुपए की 167 योजनाओं का शिलान्यास एवं 148 करोड़ 46  लाख 01 हज़ार 700 रुपए की 166  योजनाओं की आधारशिला रखी. वहीं, 23540  लाभुकों के बीच 69 करोड़ 73 लाख 99 हज़ार 11रुपए की परिसम्पतियों का वितरण किया.

अगले महीने नई स्वास्थ्य योजना का मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां की जनता को अगले महीने एक नई स्वास्थ्य योजना की सौगात मिलेगी. इस योजना के तहत आयुष्मान कार्ड से वंचित लोगों को 15 लाख रुपए तक इलाज की मुफ्त सुविधा मिलेगी. सिर्फ राशन कार्ड के आधार पर लोग इस स्वास्थ्य योजना का लाभ ले सकेंगे.

नौकरियों के खुल चुके हैं द्वार, स्वरोजगार के लिए भी सरकार कर रही आर्थिक मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अगले तीन महीनें में 40 हज़ार युवाओं के हाथ में सरकारी नौकरी होगी. इसके लिए संबंधित आयोग को नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दे दिया गया है। निजी क्षेत्र की कंपनियों में स्थानीय युवाओं को नौकरी दिलाने के लिए अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि जो युवा स्वरोजगार के इच्छुक हैं, उन्हें मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत आर्थिक मदद की जा रही है.

व्यवस्था की हर कड़ी को कर रहे हैं मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए व्यवस्था की हर कड़ी का मजबूत होना जरूरी है. हमारी सरकार यहां की आर्थिक – सामाजिक व्यवस्था को सुदृढ़ कर रही है।  शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर कर रहे हैं. युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम हो रहा है.  हमारी सरकार  आदिवासी- मूलवासी, किसान, मजदूर, गरीब, महिला, बुजुर्ग, दिव्यांग, पिछड़ा औऱ अल्पसंख्यक समेत हर वर्ग एवं तबके को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है, ताकि इन सभी की भागीदारी से राज्य को नई दिशा मिल सके.

 200 यूनिट बिजली मुफ्त

राज्य के दूर- दराज इलाकों और जंगल- झाड़ तथा नदियों-पठारों की तलहटी में रहने वाले गरीबों के घर भी रोशन रहें, इसके लिए 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है. अब 25 वर्ष से अधिक और 50 वर्ष से कम उम्र की बहन- बेटियों को भी सरकार आर्थिक सहायता करने जा रही है। ऐसी और भी अनेकों योजनाएं हैं जो समाज के हाशिये पर बैठे लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए शुरू की गई है.

विस्थापितों के दर्द को दूर करने का प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड एक ऐसा राज्य है, जहां विस्थापन आज भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है । यहां विभिन्न परियोजनाओं और खनन कार्यों के नाम पर आदिवासियों- मूलवासियों की जमीन का बड़े पैमाने पर अधिग्रहण तो कर लिया गया लेकिन रैयतों को उसका उचित लाभ नहीं मिल सका। आज भी विस्थापित कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। हमारी सरकार जल्द ही विस्थापितों के कल्याण और हित में नीति बनाएगी ताकि उनका जो हक और अधिकार है, वह मिल सके.

इस कार्यक्रम में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बादल,  विधायक  मथुरा प्रसाद महतो, विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष  शारदा सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक सुरेंद्र कुमार झा तथा जिले के उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें: झारखंड के हर ब्लॉक में होगा मॉडल स्कूल, सीएम चंपाई सोरेन ने की घोषणा, 325 मॉडल स्कूल खोलने की योजना

Related Articles

Back to top button