
Ranchi: बुधवार को कोल इंडिया के निर्देशन में कोल वाशरी निविदाओं में अधिकाधिक भागीदारी हेतु हितधारकों को आमंत्रित किया गया था. इस अवसर पर एम नागाराजु (अपर सचिव, कोयला मंत्रालय, भारत सरकार), पी एम प्रसाद (चेयरमैन,सी आइ एल), बी वीरा रेडी (निदेशक तकनिकी, सी आइ एल), समिरन दत्ता (सीएमडी बी सी सी एल व ई सी एल), मनोज कुमार (सीएमडी, सी एम पी डी आइ एल), एन के सिंह (सीएमडी, सी सी एल) तथा सी सी एल, सी एम पी डी आइ एवं बी सी सी एल के निदेशकगण एवं कोल इंडिया के विभिन्न अनुशंगी कम्पनियों के अधिकारी उपस्थित थे.
हितधारकों की ओर से 25 से अधिक कम्पनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया जिसमें कोल वाशरी ऑपरेटर, तकनीक प्रदायक, माइनिंग एवं स्टील उत्पादक कम्पनियों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया.
कार्यक्रम का शुभारम्भ पारम्परिक तरीके से दीप प्रज्वलन कर एम नागराजू , अपर सचिव , कोयला मंत्रालय , भारत सरकार द्वारा श्री पीएम प्रसाद, अध्यक्ष , कोल इंडिया लिमिटेड एवं अन्य गणमान्यों की उपस्थिति में किया गया. शुभारंभ कोल इंडिया कॉरपोरेट गीत से किया गया. सतीश झा (निदेशक तकनीकी, सी सी एल) ने अतिथियों का स्वागत किया.
सभा का सम्बोधन अतिथियों द्वारा किया गया एवं भविष्य में स्टील ग्रेड कोयले की उपलब्धता को आवश्यकतानुसार बनाए रखने के लिए कोल वाशरी की आवश्यकता को इंगित करते हुए वाशरी निविदा के निस्पादन में आने वाले गतिरोध को दूर करने पर बल दिया. विभिन्न प्रकार के निविदाओं के बारे में सी सी एल, बी सी सी एल व सी एम पी डी आइ द्वारा विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया. इसके बाद हितधारकों से निविदा से सम्बंधित उनके सुझाव माँगे गए. हितधारकों ने इस में बढ़ चढ़ के हिस्सा लिया. उनके सुझावों को दर्ज किया गया. कुछ सुझावों का स्पष्टीकरण भी दिया गया एवं अन्य को प्रबंधन के विचारार्थ रखा गया .
इस अवसर विशेष पर विकास कच्छप (JSSPS कैडेट, जिसने जॉर्डन , ओमान में 22 जून से 30 जून 2024 तक चल रही अंडर 17, एशियन रेस्टलिंग चैंपियनशिप के 48 किलोभार-ग्रीको रोमन स्टाइल में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीता है) को अपर सचिव, कोयला मंत्रालय, भारत सरकार ने सम्मानित किया और भविष्य के टूर्नामेंट्स के लिए शुभकामनाएं दी. ज्ञात हो कि JSSPS सीसीएल और झारखंड सरकार के सहयोग से चलने वाली एक संस्था है जो झारखंड के खिलाड़ियों को खेल सह पढ़ाई के क्षेत्र में प्रशिक्षण देती है.




