
Bermo: बेरमो कोयलांचल के सीसीएल के कारो व एकेके प्रोजेक्ट में पिछले चार माह से कोयला का डिस्पैच बंद है. यहां लोकल सेल को चालू करने की मांग को लेकर 16 नवंबर से घोषित चक्का जाम आंदोलन करने का ऐलान कर रखा है. इसे स्थगित करने को लेकर गुरुवार प्रशासनिक स्तर पर एक बैठक बुलायी गयी. बैठक में बोकारो थर्मल थाना में दोनों प्रोजेक्ट के विस्थापित, ग्रामीण बेरोजगार, ट्रक ऑनर व लोडिंग मजदूरों के प्रतिनिधि शामिल हुए. इस बैठक की अध्यक्षता बेरमो एसडीएम प्रेमरंजन ने की. इसमें प्रशासन की ओर से बेरमो एसडीपीओ एससी जाट, बोकारो थर्मल थाना के इंस्पेक्टर परमेश्वर लेयांगी भी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: स्थापना दिवस पर पारा शिक्षकों का प्रदर्शन, सीएम को काला झंडा दिखाने की कोशिश-पुलिस का लाठीचार्ज
आंदोलनकारियों को प्रशासन ने दी कड़ी चेतावनी
वार्ता में बेरमो एसडीएम ने आंदोलनकारियों से क कहा कि उनकी मांगों को लेकर अनुमंडल स्तर से जिला प्रशासन को लिखित रुप से अवगत करवा दिया जाएगा. साथ ही सीसीएल मुख्यालय को भी लिखा जाएगा. उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में समय लगेगा. इसलिए तब तक के लिए कोयला चक्का जाम आंदोलन को स्थगित किया जाय. इस दरम्यान वे चाहें तो धरना, प्रदर्शन जैसे आंदोलन का सहारा ले सकते हैं. आंदोलनकारी चक्का जाम करने की बात पर जब अड़े तो बेरमो एसडीएम ने उन्हें चेतावनी भरे लहजे में कहा कि किसी भी कीमत पर कोयला के डिस्पैच को रोकने और चक्का जाम करने नहीं दिया जाएगा. आंदोलनकारियों के द्वारा ऐसा किया गया तो मजबूरन उन्हें कड़ी कार्रवाई करनी पड़ेगी. बेरमो एसडीपीओ ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथों में लेने व अनुशासन को तोड़ने का अधिकार नहीं दिया जा सकता है. उन्होंने पूरे मसले को लेकर सीसीएल के जीएम से वार्ता करने की सलाह दी.
इसे भी पढ़ें: सांप ने उड़ायी 11 हजार वोल्ट की लाइन, अंधेरे में कॉलोनी
वार्ता में आंदोलनकारियों की ओर से सतीश गुप्ता, दीपक कुमार सिंह, ललन कुमार सिंह, टेकलाल महतो, महेश कुमार सिंह, नीतेश सिंह, मुन्ना सिंह, परवेज अख्तर, मिथलेश कुमार महतो, ओमप्रकाश सिंह, गणेश महतो, मोतीलाल महतो, जानकी महतो, महादेव रविदास, एनाम हुसैन, मनोज सिंह, मुख्तार अंसारी, बसारत अंसारी, फिरोज, मो अनवर शेख, महीउदीन अंसारी सहित थाना के अनि बद्रे आलम खान, सअनि एसडी प्रसाद, प्रेममोहन झा आदि मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: हड़ताल पर जायेंगे राज्य भर के पारा शिक्षक
सीसीएल गोविंदपुर पीओ कार्यालय के समक्ष होगा प्रदर्शन
इधर सीसीएल कथारा एरिया के गोविंदपुर प्रोजेक्ट में चलने वाले लोकल सेल में कोयला के ऑफर की मांग तथा बंद पड़े लोकल सेल को चालू करने की मांग को लेकर 16 नवंबर को स्वांग स्थित पीओ कार्यालय के समक्ष सेल से जुड़े कमेटी सहित अन्य लोगों के द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा. प्रदर्शन के पूर्व एक जुलूस की शक्ल में सभी आंदोलनकारी गोविंदपुर कांटा घर से पीओ कार्यालय तक जाकर प्रदर्शन करेंगे. इसकी जानकारी कमेटी के विश्वनाथ महतो ने दी.




