JharkhandLead NewsRanchiTOP SLIDER

मोहनपुर में गीता कोड़ा पर हमला प्रकरण: भाजपा ने दर्ज करायी प्राथमिकी

Ranchi : सिंहभूम सीट से भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा को शनिवार को चुनाव प्रचार के दौरान मोहनपुर गांव में विरोध का सामना करना पड़ा था. इस मामले में गम्हरिया थाना (सरायकेला खरसावां) में रविवार को ही पार्टी की ओर से एफआईआर दर्ज करा दी गयी है. नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने सोशल मीडिया (एक्स) के जरिए इसकी सूचना देते कहा है कि झामुमो के गुंडों के विरुद्ध एफ.आई.आर दर्ज करा दी गई है. साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से दोषियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है. इसके अलावा कहा है कि झामुमो को जनता वोट के माध्यम से तो चोट करेगी ही, भाजपा भी ऐसे हमलावरों पर कार्रवाई हो, यह सुनिश्चित करेगी. सिंहभूम लोकसभा समेत पूरे राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस का ठगबंधन बुरी तरह हार रहा है. अपनी हार देख झामुमो कार्यकर्ता बौखला गए हैं.

झारखंड मुक्ति मोर्चा के मुट्ठी भर कार्यकर्ताओं द्वारा जो कृत्य भाजपा की महिला प्रत्याशी गीता कोड़ा के विरुद्ध किया गया है, उसे याद रखा जाएगा. समय बलवान होता है.

क्या है मामला

गौरतलब है कि रविवार को चुनाव प्रचार के दौरान मोहनपुर में ग्रामीणों ने घेर लिया था. करीब 3 घंटे तक उन्हें और उनके करीबियों को हरवे हथियार के साथ घेरे रखा था. फिर पुलिस के पहुंचने के बाद सबों को गांव से सुरक्षित बाहर निकाला गया.
बाद में सरायकेला की भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रश्मि साहू ने गम्हरिया थाना में एफआईआर दर्ज कराई. इसमें झामुमो के कई नेताओं की संलिप्तता, भाजपा की महिला नेत्रियों के साथ बदसलूकी, जानलेवा हमला और अन्य शिकायत दर्ज कराते जांच की मांग की है. इस मामले में रविवार को ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने चिंता जाहिर करते हुए डीजीपी, झारखंड से मामले की त्वरित जांच का आग्रह किया था.

यहां पढ़ें क्या है एफआईआर में

गीदड़ भभकी से डर नहीं: गीता

मोहनपुर गांव में अपने साथ हुई घटना पर गीता ने रविवार को ही देर शाम बताया कि आप सभी के आशीर्वाद से जिंदा हूं और सुरक्षित लौटी हूं. जनसंपर्क के दौरान पूर्वी गम्हरिया प्रखंड के मोहनपुर ग्राम में जनसंपर्क के दौरान JMM के निरंकुश कार्यकर्ताओं द्वारा उन पर और उनके कार्यकर्ताओं पर तलवार, डंडे और तीर से हमला किया जिसमें उनके कई कार्यकर्ता घायल भी हुए. यह सुनियोजित हमला इसलिए किया गया ताकि उन्हें चुनाव प्रचार करने से रोका जा सके. यह हमला उन पर नहीं बल्कि लोकतंत्र पर है. इनकी इस गीदड़ भभकी से वे डरने वाली नहीं हैं. वह सिंहभूम की बेटी हैं और सिंहभूम के उत्थान के लिए अपने अंतिम सांस तक लड़ेंगी. लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है. आपकी बेटी की अस्मिता को JMM के गुंडों ने खतरे में डाला है, अब आप ही इंसाफ करें.
इसे भी पढ़ें: रातू इलाके में भीषण सड़क हादसा, तीन की घटनास्थल पर ही मौत

Related Articles

Back to top button