Khas-KhabarLead NewsMain SliderNationalNEWSWest Bengal

हाईकोर्ट के आदेश के बाद आज संदेशखाली गाँव जाएंगे भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी, भाषण देने पर लगी है रोक

Kolkata: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना ज़िले के संदेशखाली गाँव में टीएमसी नेता शाहजहां शेख़ पर महिलाओं से यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं. इसे लेकर वहां स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. इस बीच सोमवार को कोलकाता हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी को संदेशखाली जाने की इजाज़त दे दी है. हालांकि कोर्ट ने कहा कि उनके दौरे के दौरान क्षेत्र में क़ानून व्यवस्था की दिक्क़त नहीं होनी चाहिए. इसके बाद आज मंगलवार को शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि वो संदेशखाली जा रहे हैं.

इससे पहले जब वो यहां जाने की कोशिश कर रहे थे तो दो बार प्रशासन ने उन्हें रोक दिया था. इसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था. मीडिया से बात करते हुए मंगलवार को शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “हम हाई कोर्ट का आदेश लेकर जा रहे हैं. अगर टीएमसी सरकार हाई कोर्ट बेंच के पास चली गई और हमें रास्ते में रोका गया तो हम क़ानून का पालन करते हुए रुक जाएंगे.” हाई कोर्ट ने अधिकारी को संदेशखाली जाने की इजाज़त देते हुए कहा है कि वो वहां ‘किसी भी तरह का भड़काऊ भाषण नहीं दे सकते.’

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने सोमवार को राज्य की सीएम ममता बनर्जी के इस्तीफ़े की मांग की और राष्ट्रपति शासन लागू करने की भी मांग की. संदेशखाली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने तृणमूल कांग्रेस के नेता शाहजहां शेख़ और उनके समर्थकों पर जबरदस्ती जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था.

Related Articles

Back to top button