
Ranchi : जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले की सीबीआइ जांच समेत अन्य मांगों को लेकर अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) का चरणबद्ध आंदोलन जारी है. मंगलवार को आजसू पार्टी ने राज्य के छात्रों के हित एवं अधिकार से जुड़ी मांगों को लेकर प्रदेश भर में मशाल जुलूस निकाला. इस मशाल जुलूस में प्रदेश के हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया.
रांची जिला में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शहीद चौक होते अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस का आयोजन किया गया. जुलूस में आजसू के सदस्यों के साथ भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभ्यर्थी भी शामिल हुए. मशाल जुलूस को लेकर अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू पार्टी) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि जेएसएससी पेपर लीक मामला राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. यह मशाल जुलूस सीजीएल परीक्षा की जांच सीबीआइ से कराने, इस परीक्षा में हुए धांधली को लेकर विरोध कर रहे निर्दोष छात्रों पर हुई प्राथमिकी को अविलंब वापस लेने, झारखंड चयन आयोग के अध्यक्ष सहित सभी अधिकारियों को बर्खास्त करने और गलत तरीके से चयनित परीक्षा एजेंसी को काली सूची में डालने एवं झारखंड नकल कानून के तहत कानूनी कार्यवाई करने की मांग को लेकर रांची समेत पूरे राज्य में निकला गया है. सोमवार को हुए हस्ताक्षर अभियान में राज्य के कई छात्रों ने अपनी सहभागिता से इसे सफल बनाया था.
राज्यस्तरीय मशाल जुलूस की धनबाद जिला में अगुवाई आजसू के प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने की. मौके पर उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के निर्देशानुसार छात्र हित में आजसू पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलनरत है. हस्ताक्षर अभियान के बाद अब मशाल जुलूस का आयोजन किया गया है इसके बाद 15 फरवरी को पेपर लीक मामले की सीबीआइ जांच की मांग को लेकर सभी जिले के उपायुक्तों के माध्यम से राज्यपाल को स्मार-पत्र सौंपा जायेगा. सरकार की गलत नीतियों से तंग आ चुके युवाओं के साथ 17 फरवरी को आजसू पार्टी राजभवन के समक्ष प्रदर्शन करेगी.
राज्यस्तरीय मशाल जुलूस में रांची विश्वविद्यालय अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला, नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय अध्यक्ष अभिषेक राज, विनोबा भावे विश्वविद्यालय अध्यक्ष अनुराग भारद्वाज देवा महतो, कोल्हान विश्वविद्यालय अध्यक्ष हेमंत पाठक धर्मराज प्रधान, सिद्दो कान्हु विश्वविद्यालय अध्यक्ष निर्मल मंडल, सभी जिलाध्यक्ष छात्रसंघ समेत कई लोग शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें – मिस्टर ‘एक्स’ ने झारखंड को ‘ए टू जेड’ तक लूट लियाः प्रतुल शाहदेव



