
Bermo ; बोकारो थर्मल थाना अंतर्गत सीसीएल स्वांग-गोविंदपुर फेज दो परियोजना से अवैध कोयला का कारोबार आपसी मिलीभगत से किया जा रहा था.मामले को खुलासा मंगलवार की रात्रि डयूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर महतो द्वारा कोयला लदा जब्त किया गया एक बारह चक्का हाइवा की जब्ती के बाद हुआ.आपसी मिलीभगत से अवैध कोयला का कारोबार कब से जारी था इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकता है.
क्या था मामला
सीसीएल के स्वांग-गोविंदपुर फेज दो परियोजना के जीरो प्वाइंट स्थित लोडिंग स्थान पर मंगलवार की रात्रि एक हाइवा नंबर ओडी-14यू 6770 चेक पोस्ट से बिना कांटा करवाये और कांटा को टोकन लिये ही लोडिंग प्वाइंट पर चला गया.उक्त हाइवा को जाते हुए डयूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर महतो ने देखा तो वह हाइवा को खोजने के लिए लोडिंग प्वाइंट की ओर गये.इसी बीच लोडिंग प्वाइंट से पेलोडर द्वारा कोयला लोड करने के बाद तेज गति से हाईवा चेक पोस्ट की ओर भागा.पेलोडर ऑपरेटर कुरपनिया निवासी मुजाहिद अंसारी हाइवा से टोकन लेने को चिल्लाया.

इसी बीच सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर महतो सहित अन्य गार्ड निर्मल यादव,महेश महतो,अशोक कुमार,कन्हैया आदि ने हाइवा को रोक लिया.हाइवा का चालक भागने में कामयाब हो गया.गार्ड चंद्रशेखर महतो ने मामले की सूचना एरिया सुरक्षा प्रभारी सहित पीओ एके तिवारी एवं बोकारो थर्मल थाना को भी दी.कोयला लदे हाइवा को जीरो प्वाइंट स्थित चेक पोस्ट के समीप खड़ा कर रखा गया है.
बताया जाता है कि अवैध कोयला की लोडिंग करने दो हाईवा लोडिंग प्वाइंट पर प्रवेश किया था जिसमें से एक हाइवा कोयला लेकर भागने में कामयाब रहा है.बुधवार की सुबह सीसीएल कथारा एरिया के जीएम दिनेश कुमार गुप्ता के निर्देश पर पीओ एके तिवारी डिस्पैच पदाधिकारी डीके रजक मामले की जांच करने एवं गार्ड सहित पेलोडर ऑपरेटर से पूछताछ करने जीरो प्वाइंट पहुंचे.पीओ ने पूछे जाने पर कहा कि मामले की जांच डिस्पैच पदाधिकारी को करने का निर्देश दिया गया है.जबकि कथारा एरिया के जीएम डीके गुप्ता का कहना था कि काफी गंभीर मामला है.
मामले में जिसकी भी संलिप्ता पाई जाएगी जांचोपरांत उन सभी पर कार्रवाई की जाएगी.बताया जाता है कि अवैध कोयला की तस्करी करनेवाला एक सिंडीकेट सीसीएल के पदाधिकारियों एवं कर्मियों से 50 हजार रुपये में सेटिंग कर विगत् एक माह से हाईवा द्वारा कोयला की तस्करी कर रहा था.कोयला लदे हाइवा को चंद्रपुरा के रास्ते धनबाद भेजा जाता था.




