
Bermo : बेरमो अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पुलिस पदाधिकारियों की नाक के नीचे से धड़ल्ले से पूरी रात लोहे का अवैध कारोबार किया जाता है. बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल, बेरमो थाना के राम रतन उच्च विद्यालय के पीछे एवं हिंदुस्तान पुल के समीप, पेटरवार थाना के चांपी, तेनुघाट ओपी के छपरगढ़ा, गोमिया थाना के हजारी मोड़, आईईएल थाना अंतर्गत मस्जिद मुहल्ला के समीप से लोहा का कारोबार जारी है. वर्तमान में रात्रि में सीसीएल की कोलियरियों एवं कैप्टिव पावर प्लांट से काटे गये एवं चुराये गये लोहा को ट्रैक्टरों में लोड कर रात्रि में ही पेटरवार थाना अंतर्गत चांपी स्थित लोहा के अवैध गोदामों में पहुंचा दिया जाता है. इसके अलावा डीवीसी बोकारो थर्मल की आवासीय कॉलोनियों के आवासों से गेट, वाटर एवं ड्रेन पाइप तथा मेन गेट को भी लोहा चोर काट कर ले जा रहे हैं. बोकारो थर्मल के मुर्गी फार्म स्थित डीवीसी के ऐश हैंडलिंग पंप हाउस का भी सारा पाइप एवं लोहे की मशीनरी चोर काट कर ले गये. सीसीएल कथारा एरिया अंतर्गत गोविंदपुर परियोजना, फेज दो ओपन कास्ट में भी प्रतिदिन रात्रि में लोहा एवं केबुल चोरों के द्वारा धावा बोल कर चोरी की जा रही है. चोरी का विरोध करने पर कामगारों एवं सुरक्षा गार्डों की पिटाई भी चोरों के द्वारा की जाती है. बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के उच्च विद्यालय मैदान में प्लांट निर्माण के बाद बचे लोहा की मशीनरी एवं सामान रात्रि में चोर काट कर ले गये. मशीनों एवं लोहे के बड़े सामान को काटने के लिए चोरों का गिरोह रात में गैस कटर लेकर आता है. लोहे के सामान को टेंट से ढंक कर उसके अंदर घुस कर लोहा एवं मशीन की कटिंग का कार्य करते हैं. लोहा के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने को लेकर पिछले दिनों बेरमो थाना अंर्तगत हिंदुस्तान पुल के समीप तथा बोकारो थर्मल थाना अंतर्गत कथारा मोड़ के समीप चलाये जा रहे अवैध लोहा के डीपू पर बेरमो एसडीपीओ बीएन सिंह एवं बेरमो एसडीएम शैलैश कुमार सिन्हा के नेतृत्व में छापेमारी कर काफी मात्रा में लोहा बरामद किया गया. बावजूद लोहा के अवैध कारोबार का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है. बेरमो अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलनेवाला अवैध लोहा का कारोबार धनबाद के किसी वर्मा एवं रितेश का बताया जाता है.
इसे भी पढ़ें – महेन्द्र सिंह धौनी ने अपने दोस्त के खिलाफ रांची कोर्ट में दर्ज कराया आपराधिक मामला



