
Chakradharpur: खनन विभाग के द्वारा बीती रात सोनुआ और मनोहरपुर में बालू के अवैध खनन से जुड़े मामले को लेकर की गई छापेमारी में कुल चार ट्रैक्टर ट्राॅलियों को जब्त किया गया है. यह जानकारी खनन विभाग के खान निरीक्षक सुनील कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि सोनुआ और मनोहरपुर में अवैध बालू का कारोबार होने की सूचना पर जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सोनुआ पुलिस के सहयोग से अवैध बालू ढुलाई करते तीन ट्रैक्टरों ट्राॅलियों को जब्त किया. इसके अलावा एक अन्य ट्रैक्टर को मनोहरपुर थाना क्षेत्र में पकड़ा गया.

खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें गुदड़ी स्थित नदी से बालू के अवैध खनन कर उसका परिवहन किए जाने की शिकायत लगातार मिल रही थी, इन शिकायतों पर ही त्वरित कार्रवाई कर इन ट्रैक्टर ट्राॅलियों को अवैध बालू के साथ जब्त किया गया. मामले में कई अन्य जानकारियों को इकठ्ठा किया जा रहा है ताकि इससे जुड़े लोगों के खिलाफ और अवैध खनन व परिवहन करने वालों पर कार्रवाई की जा सके.




